- Hindi News
- Local
- Punjab
- NOC Of Car Recovered From Terrorist Hidayatullah Arrested In Jammu From Patiala, Number From Agra; Big Secrets Can Be Revealed
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पटियाला/खरड़कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
जम्मू के भीड़ वाले इलाके से गिरफ्तार बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहा लश्कर-ए-मुस्तफा का कमांडर हिदायतुल्ला मलिक।
बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे लश्कर-ए-मुस्तफा के कमांडर हिदायतुल्ला मलिक का कनेक्शन पंजाब और उत्तर प्रदेश से भी निकला। शनिवार को जम्मू के भीड़ वाले इलाके से गिरफ्तार हिदायतुल्ला से एक कार भी बरामद की गई है, जो पटियाला के शख्स से खरीदी गई थी। कार पटियाला में रजिस्टर हुई थी तो उस पर नंबर आगरा का मिला। बहरहाल, बड़े लेवल की जांच जारी है।
बता दें कि लश्कर-ए-मुस्तफा के कमांडर हिदायतुल्ला को शनिवार को जम्मू से गिरफ्तार किया गया था। इस बारे में जम्मू रेंज के IGP मुकेश सिंह ने बताया कि वह जम्मू में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आया हुआ था। हमें अपने तंत्र से पता चला और दोपहर को उसे पकड़ लिया गया। इस बीच, एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह जम्मू-पठानकोट हाईवे पर कुंजवानी बाईपास पर एक शापिंग मॉल के पास छिपा हुआ था। उसे पकड़े के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और ह्यूमन इंटेलीजेंस का पूरा इस्तेमाल किया गया। अनंतनाग पुलिस को शुक्रवार रात पता चला था कि हिदायतुल्ला जम्मू में है और बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने वाला है। शनिवार दोपहर बाद जम्मू पुलिस और अनंतनाग पुलिस के एक संयुक्त दस्ते ने उसे पकड़ लिया।
मलिक से आगरा के नंबर की सेंट्रो कार बरामद होने का मामले में आतंकी लिंक सामने आया है। इस कार के लिए जारी NOC में पटियाला के एक व्यक्ति कंवलजीत का नाम दर्ज है। इससे पहले यह कार गैलाना रोड, आगरा निवासी अतीत कुमार अंबेश के नाम पर दर्ज थी। बड़ी बात यह है कि आतंकी के पास से जो मिली है, उस पर आगरा का नंबर ही लगा था न कि पटियाला का। पटियाला में इसका रजिस्ट्रेशन हो गया था, लेकिन कार पर नया नंबर नहीं लगाया गया।
कंवलजीत सिंह ने बताया कि उनका कार सेल-परचेज का बिजनेस है और मोहाली से फेज सात, इंडस्ट्रियल एरिया में उनका महिंद्रा का शोरूम है। उसने यह कार पिछले साल खरड़ के एक कार डीलर रविंद्र को बेची थी। जब कार डीलर रविंद्र से बात की गई तो उसने बताया कि 12 नवंबर 2020 को उन्होंने यह कार अनंतनाग के सॉफ निवासी जैन मोहम्मद तेली को बेची थी। जैन मोहम्मद ने कार खरीदते समय जो दस्तावेज रविंद्र को सौंपे, उनमें दर्ज दोनों मोबाइल फोन नंबर अब बंद चल रहे हैं।
उधर, पटियाला के SSP विक्रमजीत दुग्गल ने कहा कि उक्त मामले संबंधी उन्हें अब तक जम्मू पुलिस से कोई इनपुट्स नहीं है। जैसे ही जम्मू पुलिस द्वारा इस बारे संपर्क किया जाएगा तो बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।