- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain
- Ujjain Misbehaved With Employees Who Went To Seize The Car For Not Depositing The Bill, The Police Arrested The Consumer By Filing An FIR
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बिजली बिल बकाएदार की बाइक कुर्क कर गाड़ी में लादते बिजली कंपनी के कर्मचारी
- चार गांवों के बकाएदार उपभोक्ताओं की बाइक व मोटर हुई जब्त
उज्जैन में बिजली का बिल नहीं जमा करने पर कुर्की की कार्रवाई करने गए कर्मचारियों से बदसलूकी करना उपभोक्ता को मंहगा पड़ गया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी उपभोक्ता को गिरफ्तार कर लिया। बिजली कंपनी ने बिल नहीं जमा करने पर चार और बकायादारों की मोटरसाइकिलें भी कुर्क की हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को तहसीलदार अविनाश कानूनगो, नवनीत मिमरोट सहित टीम बकायादार उपभोक्ताओं से वसूली व कार्रवाई के लिए निकली थी। टीम ग्राम बांदका में उपभोक्ता मंगल पिता गोविंद सिंह पर बिजली के दो बिल 23577 और 24390 रुपए बकाया होने पर उनकी कार को कुर्क करने की कार्रवाई कर रही थी। इसी बीच मंगल सिंह ने तहसीलदार, कनिष्ट यंत्री व टीम में शामिल अन्य लोगों के साथ अभद्रता की। इस मामले में पान बिहारी चौकी पर मंगल सिंह के खिलाफ धारा 294, 353 व 506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
उसके बाद टीम ग्राम शंकरपुर पहुंची। यहां के सीताराम पिता रामा पर बिजली बिल के 20968 रुपए और सुंदरबाई पति मयाराम पर 21779 रुपए बकाया थे। टीम ने दोनों की मोटर साइकिल कुर्क कर ली। यहां के बाद टीम ग्राम बिछड़ौद पहुंची। यहां के हीरालाल आत्माराम पर बिजली बिल के एक लाख 75 हजार 681 रुपए बकाया होने पर मोटर साइकिल जब्त की। इसी तरह नजरपुर निवासी संतु बाई पति हुकुमचंद पर 22 हजार रुपए बकाया होने मोटर साइकिल और घटि्टया के बापू पिता बग्गा पर एक लाख 8 हजार 625 रुपए बकाया होने पर कुएं की एक मोटर कुर्क की गई। कार्यपालन यंत्री जयेंद्र ठाकुर ने कहा कि बिजली कंपनी के उज्जैन ग्रामीण संभाग के बकायादारों पर कुर्की की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे कार्रवाई से बचने के लिए बकाया राशि का भुगतान करें।