शेफील्ड शील्ड: लियाम ओ कॉनर ने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मैच ड्रॉ कराया ( साभार- लियाम ओ कॉनर ट्विटर)
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट गिर जाने के बाद नंबर-11 पर बल्लेबाजी करने आए लियाम ओ कॉनर ( Liam O Connor) ने आखिरी चार ओवर में अपना विकेट नहीं गंवाया और मैच को ड्रॉ करा दिया. उन्होंने 11 गेंदें खेली लेकिन एक भी रन नहीं बनाया.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 28, 2021, 7:16 PM IST
27 साल के लेग स्पिनर लियाम अब तक 3 फर्स्ट क्लास और 1 लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं. लेकिन अब तक अपना खाता नहीं खोल पाए हैं. हालांकि, टी20 में जरूर वो रन बना चुके हैं. लियाम ने 23 टी20 खेले हैं. जिसमें उन्होंने 7 रन बनाए हैं.
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को 332 रन का टारगेट मिला था
इस मैच में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सदर्न ऑस्ट्रेलिया ने चौथी पारी में 332 रन का टारगेट दिया था. इसका पीछा करने उतरी टीम की शुरुआत ही अच्छी नहीं रही और 100 रन के भीतर ही पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. टीम पर हार का खतरा मंडराने लगा. लेकिन हिल्टन कार्टराइट ने एक छोर संभाले रखा. चोटिल होने के बावजूद उन्होंने 122 गेंद खेलकर 25 रन बनाए. लेकिन 139 रन के स्कोर पर वो भी आउट हो गए. उन्हें डेनिएल वॉरेल ने आउट किया. वॉरेल ने इसके बाद मैथ्यू केली और लियाम गुथरी को भी चलता किया.लियाम कॉनर ने 11 गेंद खेली
143 रन पर वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट गिर चुके थे. तब लियाम बल्लेबाजी करने आए. मैच में अभी भी 23 गेंद बाकी थी और दूसरे छोर पर उनके जोड़ीदार के रूप में कैमरून गैनन खड़े थे. लियाम ने कड़ा संघर्ष दिखाते हुए वॉरेल की 72वें ओवर की पांच गेंद खेली. इसके बाद सदर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड ग्रांट पारी का 73वां ओवर लेकर आए. स्ट्राइक पर खड़े गैनन ने पहली पांच गेंद पर एक भी रन नहीं लिया और आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अगले ओवर के लिए स्ट्राइक पर आ गए. वॉरेल 74वां ओवर फेंकने आए. गैनन ने यहां भी समझदारी से पहली पांच गेंद खेल ली. लेकिन आखिरी गेंद पर उन्होंने चौका मार दिया. दिन के आखिरी ओवर के लिए स्ट्राइक लियाम ओ कॉनर के हाथों में आ गई. चैड सायर्स ओवर फेंकने आए. सदर्न ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ने फील्डर्स को पास बुला लिया. इसके बावजूद लियाम ने पहली पांच गेंदे खेल ली. आखिरी गेंद जरूर हवा में गई. लेकिन प्वाइंट पर खड़े फील्डर से दूर जाकर गिर गई और इस तरह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रहा.
साउथ ऑस्ट्रेलिया ने मैच में पहली पारी 8 विकेट पर 510 रन के स्कोर पर घोषित की थी. इसके जवाब में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 409 रन के स्कोर पर घोषित की. दूसरी पारी में साउथ ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट पर 230 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और जीत के लिए वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को 332 रन का टारगेट दिया था.