Vijay Hazare Trophy: देवदत पड्डिकल ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरा शतक लगाया
देवदत पड्डिकल ( Devdutt Padikkal)आईपीएल से पहले शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने रविवार को घरेलू विजय हजारे ट्रॉफी में लगातार तीसरा शतक लगाया. पड्डिकल ने कर्नाटक की ओऱ से खेलते हुए रेलवे के खिलाफ 125 गेंद पर नाबाद 145 रन बनाए. वे इस साल आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलेंगे.
- News18Hindi
- Last Updated:
February 28, 2021, 7:18 PM IST
बता दें कि चार दिन पहले ही पड्डिकल ने इसी टूर्नामेंट में ओडिशा के खिलाफ अपने करियर की सबसे बड़ी 152 रन की पारी खेली थी. इस पारी में उन्होंने 14 चौके और पांच छक्के भी लगाए थे. इस दौरान इस बल्लेबाज का स्ट्राइक रेट भी 108 से ज्यादा का रहा था. इसके बाद केरल के खिलाफ भी उन्होंने 126 रन की नाबाद पारी खेली थी. विजय हजारे ट्रॉफी के पहले दो मैच में भी कर्नाटक के इस ओपनर ने अर्धशतक लगाया था. उन्होंने पहले मैच में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 52 और दूसरे मैच में बिहार के खिलाफ 97 रन बनाए थे.
पड्डिकल इस साल विजय हजारे ट्रॉफी में टॉप स्कोरर
पड्डिकल इस साल विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर हैं. वो अब तक पांच मैच में 190 से ज्यादा की औसत से 572 रन बना चुके हैं. वे जितनी बार भी खेलने उतरे हैं. हर बार पचास या उससे ज्यादा रन बनाए हैं. सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों में पड्डिकल ने ही सबसे ज्यादा 18 छक्के लगाए हैं.भारत आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा तो एशिया कप 2021 होगा स्थगित!
आईपीएल में पिछले साल डेब्यू किया था
कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने पिछले साल ही आईपीएल में आरसीबी की ओर से डेब्यू किया था. बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने एरोन फिंच के साथ पूरे सीजन में ओपनिंग की थी. वो आरसीबी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे. उन्होंने 15 मैच में 473 रन बनाए थे. पड्डिकल ने इस दौरान पांच अर्धशतक भी जमाए. उनका स्ट्राइक रेट भी 124 का रहा था. उनकी बल्लेबाजी की बदौलत ही आरसीबी पिछले साल क्वालिफायर तक पहुंचीं थी. इसी प्रदर्शन की वजह से आरसीबी ने इस सीजन की नीलामी से पहले कर्नाटक के इस बल्लेबाज को रिटेन किया था. एरॉन फिंच को रिलीज करने के बाद पड्डिकल आईपीएल के इस सीजन में कप्तान विराट कोहली के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं.