रतलाम में बड़ा हादसा: गैस रिसाव से लगी आग, सिलेंडर फटे; 4 मकान जले, 9.5 लाख रुपए और ज्वैलरी खाक

रतलाम में बड़ा हादसा: गैस रिसाव से लगी आग, सिलेंडर फटे; 4 मकान जले, 9.5 लाख रुपए और ज्वैलरी खाक


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

रतलाम5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

आग बुझाने की मशक्कत करते हुए दमकलकर्मी व ग्रामीण।

  • ताल के पास थमगुराड़िया का मामला, ताल-आलोट की दमकल व ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया
  • हादसे के वक्त लोग घरों में नहीं थे वरना जनहानि भी हो सकती थी

ताल के पास थमगुराड़िया में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव से घर में आग लगी। फिर वहां रखे दोनों सिलेंडर फट गए। इससे आग ने विकराल रूप लिया और आसपास के तीन अन्य घर चपेट में ले लिए। दो घरों पर अप्रेल-मई में शादी है इसलिए नकदी व ज्वैलरी रखी थी।

साढ़े 9 लाख रुपए नकद, 4 लाख से ज्यादा की ज्वैलरी और अनाज समेत सारा सामान खाक हो गया। ताल-आलोट की दमकल व ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक आशियानों के साथ ही शादी की तैयारियां धुएं में गुम हो गईं। थमगुराड़िया के कासम खां मंसूरी का परिवार सुबह करीब 9.30 बजे खेत पर काम करने गया था। 11 बजे घर में सिलेंडर फटने का धमका हुआ और धुआं व आग की लपटें निकलने लगीं।

लोगों ने कासम व परिजन को सूचना दी। वे खेत से आए तब तक आग ने बगल में ही रहने वाले असलम मंसूरी, पड़ोसी रामगोपाल पाटीदार और साबिर मंसूरी के घर भी चपेट में ले लिए। चूंकि कासम और बेटे असलम का परिवार तो खेत गया था लेकिन रामगोपाल व साबिर के घर में जैसे ही आग पहुंची तो परिजन घबराकर बाहर भाग निकले।

दुल्हन के लिए रखी ज्वैलरी भी खाक हो गई।

दुल्हन के लिए रखी ज्वैलरी भी खाक हो गई।

इससे जनहानि तो नहीं हुई लेकिन आग ने काफी नुकसान कर दिया। प्रभावितों के साथ ही ग्रामीणों ने पानी से आग बुझाने के प्रयास किए। सूचना पर आलोट व ताल से दमकल भी पहुंची। डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। नायब तहसीलदार कैलाश डामोर, पटवारी अनवर मंसूरी, ताल थाना प्रभारी अमित सारस्वत, एसआई आर.एन. सिंह समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया सिलेंडर ब्लॉस्ट हुए। इससे अंदेशा है खाना बनाने के बाद रेग्युलेटर चालू होगा। गैस लीकेज होती रही और कहीं कोई स्पार्किंग या चूल्हा गरम होने के कारण आग लगी तो सिलेंडर ब्लॉस्ट हो गया। पटवारी ने नुकसानी पंचनामा बनाया।

जिनके यहां शादी थी उन घरों में ज्यादा नुकसान, एक के यहां आंशिक हानि
कासम खां मंसूरी के बेटे मेहबूब उर्फ बबलू की अप्रैल में शादी है। लहसुन बेचकर डेढ़ लाख आए थे वे और साढ़े तीन लाख गांव के एक डॉक्टर से उधार लिए थे, वे आलमारी में रखे थे। ये राख हो गए। दुल्हन के लिए करीब एक लाख की ज्वैलरी खरीदी थी जो खाक हो गई। रामगोपाल पाटीदार के बेटे पीरूलाल व बेटी पूजा की मई में शादी है। खरीदारी व अन्य तैयारी के लिए रुपए जुटा रखे थे। बेटा पीरूलाल दो दिन पहले ही जावरा मंडी में लहसुन बेचकर साढ़े तीन लाख रुपए लाया था, जो घर में रखे थे।

इसके अलावा परिवार की महिलाओं की करीब तीन लाख रुपए कीमती ज्वैलरी थी जो जल गई। असलम जो कि कासम का बेटा है, इसने भी भाई मेहबूब की शादी की तैयारी के लिए एक लाख रुपए जुटा रखे थे जो जल गए। यहां भी ज्वैलरी जली है। तीनों घरों में बिस्तर, बर्तन, अनाज समेत सारा सामान जल गया। साबिर के यहां बल्लियां व छिटपुट सामान में नुकसान हुआ।

आग से जलीं 500 व 100 के नोट की गडि्डयां।

आग से जलीं 500 व 100 के नोट की गडि्डयां।

दर्द, पीड़ितों की जुबानी; हमारे बच्चों की शादी की तैयारियां ही धरी रह गईं
बेटे मेहबूब की शादी के लिए करीब पांच लाख जुटाकर रखे थे। ज्वैलरी खरीदी थी। पूरा घर और नकदी, ज्वैलरी जलने से शादी की तैयारियां ही धरी रह गईं। कुछ समझ नहीं आ रहा क्या करें। शासन-प्रशासन से मदद की उम्मीद है।
-कासम खां मंसूरी

आग इतनी तेज थी कि कुछ बचा नहीं पाए
बेटे पीरू व बेटी पूजा की शादी अप्रैल में है। खरीदारी के लिए लहसुन बेची, जिसके साढ़े तीन लाख घर में थे। आग इतनी तेज थी कि कुछ बचा नहीं पाए। घर में भी नुकसान हुआ। अब इसे सही करें या शादी की तैयारी। समझ से परे है।
– रामगोपाल पाटीदार।

(जैसा पीड़ितों ने पटवारी अनवर मंसूरी व अन्य अफसरों को बयां किया।)

खबरें और भी हैं…



Source link