इशान किशन टी20 में दो शतक लगा चुके हैं.
झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन भारत और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से इंटरनेशनल डेब्यू करने जा रहे हैं. वे आईपीएल टीम मुंबई इंडियंस से खेलते हैं. पिछले सीजन में 516 रन बनाए थे.
22 साल के इशान किशन मुंबई इंडियंस की ओर से ओपनिंग के साथ-साथ नंबर-3 पर खेल चुके हैं. इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर उन्होंने कहा था कि वे किसी भी नंबर पर खेलने के लिए तैयार हैं. इशान ने आईपीएल के पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए 14 मैच में 516 रन बनाए थे. वे अपनी टीम के टॉप स्कोरर रहे थे. पिछले सीजन में उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए थे. वे ओवरऑल रन बनाने के मामले में पांचवें नंबर पर थे. उन्होंने 30 छक्के लगाए थे. स्ट्राइक रेट 146 का रहा था. उनकी बल्लेबाजी की बदौलत ही मुंबई इंडियंस पांचवीं बार आईपीएल का खिताब जीतने में सफल रही थी.
घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में भी झारखंड के इस विकेटकीपर बल्लेबाज का प्रदर्शन अच्छा रहा. उन्होंने पहले मैच में ही मध्य प्रदेश के खिलाफ 94 गेंद पर 173 रन की पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 11 छक्के और 19 चौके लगाए थे और उनका स्ट्राइक रेट भी 184 से ज्यादा का रहा था. हालांकि, इसके बाद वो टूर्नामेंट में बड़ी पारी नहीं खेल पाए.
उनके करिअर की बात की जाए तो उन्होंने अब तक 95 टी20 के मुकाबले खेले हैं. 29 की औसत से 2372 रन बनाए हैं. 2 दो और 13 अर्धशतक लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 134 का है. इसके अलावा वे 44 फर्स्ट क्लास मैच में 2665 और 77 लिस्ट ए मैच में 2549 रन बना चुके हैं. वे लिस्ट ए में चार और फर्स्ट क्लास में 5 शतक लगा चुके हैं.