टीम इंडिया बेहद ही चौंकाने वाले फैसले लेती है और नतीजा उसके हक में जाता है. पहले टी20 में हारने के बाद ऐसा लगा कि टीम इंडिया गेंदबाजी को और मजबूत करेगी लेकिन मैनेजमेंट ने अक्षर पटेल को बाहर कर सूर्यकुमार यादव को टीम में शामिल कर लिया और शिखर धवन की जगह इशान किशन को भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिला. इसके बाद इशान किशन ने डेब्यू मैच में ही अर्धशतक ठोक टीम को जीत दिलाई. उनकी इस पारी ने शिखर धवन के टी20 भविष्य पर भी सवालिया निशान लगा दिया है. अब ऐसा लग रहा है टीम इंडिया इसी टीम के साथ सीरीज में उतरेगी. इशान किशन को देख लगा ही नहीं कि वो पहली बार इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं.
अगले मैच में अगर रोहित शर्मा वापसी करते हैं तो केएल राहुल पर गाज गिर सकती है क्योंकि वो दोनों मैचों में फ्लॉप साबित हुए. लोकेश राहुल को मिडिल ऑर्डर में लाने की संभावनाएं भी खत्म हो चुकी हैं क्योंकि सूर्यकुमार यादव वहां आ चुके हैं. वैसे इंग्लैंड की टीम भी पलटवार के लिए जानी जाती है और वो भी इस सीरीज को टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों के तौर पर देख रहे हैं. ऐसे में अब आने वाले मुकाबले बेहद रोमांचक हो सकते हैं