TOP 10 Sports News: भारत की करारी हार, पुरुष खिलाड़ियों कोचिंग देगी दिग्गज महिला क्रिकेटर

TOP 10 Sports News: भारत की करारी हार, पुरुष खिलाड़ियों कोचिंग देगी दिग्गज महिला क्रिकेटर


IND VS ENG: 16 मार्च की टॉप 10 स्पोर्ट्स न्यूज (फोटो-एएफपी)

16 मार्च की टॉप 10 खबरों में भारत-इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20, दुत्ती चंद की हार छाई रही, साथ ही विराट कोहली ने हार के बाद बड़ी बात कह दी

नई दिल्ली. भारत को इंग्लैंड से मिली करारी हार, दुती चंद को भी चखना पड़ा हार का स्वाद 16 मार्च के दिन टीम इंडिया के फैंस को बुरी खबर ज्यादा मिली. दिग्गज महिला क्रिकेटर जल्द ही इंग्लैंड की काउंटी टीम को कोचिंग देती नजर आएंगी. आइए एक नजर डालते हैं 16 मार्च की TOP 10 Sports News पर

भारत को इंग्लैंड ने तीसरे टी20 में 8 विकेट से हरा दिया. भारत ने 156 रनों का स्कोर बनाया जवाब में मेहमान इंग्लैंड ने 2 विकेट खोकर महज 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.

नाबाद 83 रन बनाने वाले जोस बटलर को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला. कप्तान कोहली ने भी नाबाद 77 रनों की पारी खेली. हालांकि भारत की ओर से केएल राहुल ने फिर निराश किया वो खाता तक नहीं खोल पाए.

आईसीसी ने मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो क्रिकेटरों मोहम्मद नावीद और शैमान अनवर बट पर 2019 टी20 विश्व कप क्वालीफायर में कथित तौर पर मैच फिक्स करने की कोशिश के आरोप में आठ साल का प्रतिबंध लगा दिया. इन दोनों खिलाड़ियों पर यह प्रतिबंध 16 अक्टूबर 2019 से प्रभावी होगा जब इन पर मैच फिक्सिंग और आईसीसी के भ्रष्टाचार रोधी नियम को तोड़ने का आरोप लगा था. पूर्व कप्तान 33 साल के नावीद ने यूएई के लिए 39 एकदिवसीय और 31 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं जबकि शैमान अनवर ने 40 एकदिवसीय और 32 टी20 मैच खेले हैं.

महिला क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपरों में से एक इंग्लैंड की सारा टेलर को काउंटी क्लब ससेक्स ने पुरुष टीम के कोचिंग दल में शामिल किया है. पुरूष क्रिकेट के कोचिंग सदस्य से महिला का जुड़ना किसी दुर्लभ संयोग लेकिन स्वागत योग्य कदम की तरह है. इससे पहले भी हालांकि कुछ मौकों पर महिलाएं पुरूष टीमों से जुड़ी रही हैं लेकिन सारा ऐसा करने वाली सबसे बड़ी नाम है. वह क्लब के विकेटकीपरों के साथ काम करेंगी.

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने नवा रायपुर में हो रही रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज में बिना मास्क लगाए दर्शकों को प्रवेश नहीं देने का फैसला किया है. राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि रोड सेफ्टी वर्ल्ड क्रिकेट सीरीज में दर्शक अब बिना मास्क के स्टेडियम में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. मैच के दौरान अगर कोई दर्शक बिना मास्क के पाया जाता है तब उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

एस धनलक्ष्मी ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक दुती चंद को पछाड़कर मंगलवार को यहां फेडरेशन कप सीनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की महिला 100 मीटर फर्राटा दौड़ का खिताब जीता जबकि हिमा दास गलत शुरुआत करने के कारण डिस्क्वालीफाई हो गईं. तमिलनाडु की 22 साल की धनलक्ष्मी एनआईएस परिसर में 11.39 सेकेंड के समय के साथ ओडिशा की दुती (11.58 सेकेंड) को पछाड़कर चैंपियनशिप की सबसे तेज महिला धावक बनीं.

भारत के लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर ने पटियाला में फेडरेशन कप सीनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 8.26 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ मंगलवार को तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया. लंबी कूद में ओलंपिक क्वालीफिकेशन का स्तर 8.22 मीटर है.

राष्ट्रीय चैम्पियन संदीप सिंह मान ने 74 किग्रा भार वर्ग कुश्ती के ट्रायल में वापसी कर रहे नरसिंह पंचम यादव और अमित धनखड़ को पछाड़ कर अगले महीने कजाखस्तान में होने वाले एशियाई ओलंपिक क्वालीफिकेशन का मंगलवार को टिकट हासिल किया. दो बार के ओलंपिक चैम्पियन सुशील कुमार ने तैयारी नहीं होने का हवाला देते हुए इस ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया. इसके बाद भी 74 किग्रा में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. संदीप ने धनखड़ को फाइनल में 2-1 से हराकर नौ से 11 अप्रैल तक होने वाले क्वालीफायर्स के लिए जगह पक्की की. उन्होंने इससे पहले सेमीफाइनल में नरसिंह यादव को 4-3 से शिकस्त दी थी.

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की पूनम राउत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला एकदिवसीय रैकिंग में बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 20 में पहुंच गयी हैं. श्रृंखला के पिछले तीन मैचों में नाबाद 62, 77 और नाबाद 104 रन की पारियां खेलने वाली राउत आठ स्थानों के सुधार के साथ 18वें पायदान पर पहुंच गयी हैं. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना सातवें स्थान के साथ रैंकिंग में शीर्ष भारतीय हैं जबकि कप्तान मिताली राज नौवें स्थान पर हैं. श्रृंखला के तीन मैचों में पांच विकेट लेने वाली बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ चार स्थानों के सुधार के साथ गेंदबाजों की सूची में 18वें स्थान पर आ गयी है. तेज गेंदबाज मानसी जोशी 69वें से 64वें स्थान पर आ गयी है. भारत के खिलाफ श्रृंखला में शानदार लय में चल रही दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लिजेली ली सात स्थानों के सुधार के साथ रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गयी है.

मिस्बाह उल हक 112 किलो के क्रिकेटर शरजील खान के पाकिस्तानी टीम में चयन से बेहद नाखुश हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के मिस्बाह शरजील खान की फिटनेस से खुश नहीं हैं. कुछ ऐसा ही मानना बाबर आजम का भी है. वो किसी अनफिट खिलाड़ी को टीम में नहीं चाहते और ऐसा माना जा रहा है कि शरजील खान को शायद ही प्लेइंग इलेवन में जगह मिलेगी. हालांकि चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम का मानना है कि सिर्फ फिटनेस ही चयन का पैमाना नहीं है. उनका कहना है कि फिटनेस के साथ खिलाड़ी की फॉर्म मायने रखती है.








Source link