उज्जैन में प्रशासन बिना मास्क लगाए लोगों पर सख्त हो गया है.
कोरोना वायरस के मद्देनजर उज्जैन का प्रशासन सख्त हो गया है. शहर में CCTV से नजर रखी जा रही है. खासकर उन बाइक चलाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है, जो स्पीड में बिना मास्क के निकल रहे हैं.
- Last Updated:
April 3, 2021, 4:04 PM IST
बिना मास्क लगाए घूम रहे लोग जैसे ही चौराहे पर लगे CCTV की जद में आ रहे हैं, वैसे ही इनका फोटो कैप्चर हो रहा है और गाड़ी की नंबर प्लेट के आधार पर चालान घर पंहुच रहा है. व्यक्ति को 200 रुपए का चालन काट कर घर भेजा जा रहा है.
दो दिन में अब तक 64 लोगों के घर पंहुचा चालान
जानकारी के मुताबिक, टेक्नोलॉजी की मदद से अभी तक दो दिनों में 64 लोगों के घर चालान पहुंचे हैं. कंप्यूटर जनरेटेड नोटिस में हिदायत दी गई है कि वे फाइन को 7 दिन के अंदर नगर निगम में जमा करवाकर रसीद ले लें, अन्यथा उनके विरुद्ध महामारी एक्ट, आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि उज्जैन में पिछले करीब 15 दिनों से बिना मास्क लगाए सड़कों पर घूमने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में रोजाना हजारों रुपए के फाइन लग रहे हैं. इसके अलावा कई लोगों को जेल की हवा भी खानी पड रही है.845 लोग जा चुके जेल, 324 पर जुर्माना
प्रशासन अभी तक मास्क नहीं पहनने वाले 324 लोगों से 67 हजार 300 रुपए का जुर्माना वसूल कर चुका है. दूसरी ओर 845 लोगों को अस्थाई जेल भेज दिया गया है. यह अभियान जिले में रोज सख्ती से चलाया जा रहा है. बता दें, कोरोना की दूसरी लहर में रोज बड़ी संख्या में मरीज मिल रहे हैं. जनवरी माह में मरीजों की संख्या घटकर महज 2 या 3 तक रह गई थी. मार्च महीना आते-आते जिस रफ़्तार से कोरोना के मरीज मिलना शुरू हुए उससे पूरा स्वास्थ्य अमला और प्रशासनिक अधिकारी सकते में हैं.
इस तरह रही अभी तक कोरोना की दूसरी लहर
कोरोना की दूसरी लहर में 24 मार्च को 58, 25 मार्च को 83, 26 मार्च को 85, 27 मार्च को 69, 28 मार्च को 72, 29 मार्च को 32, 30 मार्च को 70, 31 मार्च को 86 मरीज, 1 अप्रैल को 85 और 2 अप्रैल को 89 मरीज मिले. पिछले 10 दिनों में अब तक कुल 729 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं.