IPL 2021: जसप्रीत बुमराह आईपीएल में 100 से अधिक विकेट ले चुके हैं.
जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की गिनती आईपीएल (IPL 2021) इतिहास के बेस्ट गेंदबाजों में की जाती है. आज ही के दिन यानी 4 अप्रैल 2013 को उन्होंने आईपीएल डेब्यू किया था.
8 साल पूरा होने पर जसप्रीत बुमराह ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘8 साल लगता है जैसे कल की बात हो. एक बार फिर मैदान में उतरने के लिए इंतजार नहीं कर सकता.’ पहले सीजन में बुमराह को सिर्फ दो मैच खेलने का मौका मिला था. उन्होंने दो मैच में तीन विकेट लिए थे. पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ बुमराह ने 4 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिए थे. इसमें विराट कोहली, मयंक अग्रवाल और करुण नायर का विकेट शामिल था. हालांकि टीम यह मुकाबला 2 रन से हार गई थी.
8 years ago feels like just yesterday. Cannot wait to get out there again! pic.twitter.com/UvUQok0Yvw
— Jasprit Bumrah (@Jaspritbumrah93) April 4, 2021
पिछला सीजन सबसे अच्छा रहा, 27 विकेट झटकेजसप्रीत बुमराह ने मुंबई की ओर से पांच खिताब जीते हैं. एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट की बात करें तो उन्होंने यह कारनामा 2020 में किया था. यूएई में खेले गए टूर्नामेंट में बुमराह ने 15 मैच में 27 विकेट लिए. इसके अलावा उन्हाेंने 2017 में 20, 2019 में 19, 2018 में 17 और 2016 में 15 विकेट लिए थे. उनके ओवरऑल आईपीएल करियर की बात की जाए तो उन्होंने 92 मैच में 24 की औसत से 109 विकेट लिए हैं. दो बार चार विकेट लिए हैं. 14 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन है.
टी20 करियर में 200 से अधिक विकेट ले चुके हैं
बुमराह के ओवरऑल टी20 करियर की बात करें तो वे 209 विकेट ले चुके हैं. उन्होंने 172 मैच खेले हैं और औसत लगभग 22 का है. टी20 इंटरनेशनल की बात करें तो जसप्रीत बुमराह ने 50 मैच में 59 विकेट लिए हैं. इसके अलावा उन्होंने 19 टेस्ट में 83 विकेट जबकि 67 वनडे में 108 विकेट झटके चुके हैं. इस साल अक्टूबर-नवंबर में घर में ही टी20 वर्ल्ड कप होना है. ऐसे में बुमराह का आईपीएल में प्रदर्शन तैयारी के लिए लिहाज से काफी अहम रहने वाला है. इसके अलावा 18 जून से न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी खेलना है. इस मैच में जसप्रीत बुमराह टीम इंडिया के ट्रंप कार्ड होंगे.
जॉन राइट की खोज हैं बुमराह
टीम इंडिया के पूर्व काेच जॉन राइट ने जसप्रीत बुमराह को मुंबई के साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच में न्यूजीलैंड के जॉन राइट ने बुमराह को गेंदबाजी करते हुए देखा था. उस समय राइट मुंबई इंडियंस से जुड़े थे. बुमराह बातचीत में कह चुके हैं कि वे राइट की वजह से ही मुंबई इंडियंस से जुड़ सके. बुमराह जब मुंबई से जुड़े थे तब वे सिर्फ 19 साल के थे.