बढ़ रहा कोरोना, आंकड़े छिपा रहा प्रशासन: इटारसी में काेराेना से दो बुजुर्ग महिला, पति-पत्नी की मौत, प्रशासन के बुलेटिन में 0 मौत

बढ़ रहा कोरोना, आंकड़े छिपा रहा प्रशासन: इटारसी में काेराेना से दो बुजुर्ग महिला, पति-पत्नी की मौत, प्रशासन के बुलेटिन में 0 मौत


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

होशंगाबाद2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
  • मंगलवार काे 156 संक्रमित मिले, रिपोर्ट आने में हो रही देरी
  • कोरोना संक्रमित पति-पत्नी की रिपोर्ट आनी थी बाकी

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल के कोविड वार्ड में दो बुजुर्ग महिलाओं और कोरोना संदिग्ध पति-पत्नी की मंगलवार काे माैत हाे गई। वहीं प्रशासन के मेडिकल बुलेटिन में मंगलवार को मौत का आंकड़ा 0 है। मंगलवार को 156 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। कोरोना संक्रमण से मृत दोनों बुजुर्ग महिलाओं को सांस लेने में तकलीफ होने पर दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया था।

महिलाओं को ऑक्सीजन दी गई। लंग्स तक गंभीर इन्फेक्शन होने के कारण इनको बचाया नहीं जा सका। इटारसी के शांतिधाम में इन दो कोरोना पॉजिटिव महिलाओं के अलावा कोरोना के लक्षण से मृत महिला का अंतिम संस्कार हुआ। कुछ घंटों बाद इनके पति की भी मौत हो गई। पुत्र देवेंद्र कजोड़िया ने 13 अप्रैल की सुबह 10 बजे कोरोना पॉजिटिव मां विमलाबाई (60) का अंतिम संस्कार शांतिधाम में किया और शाम 7:30 बजे पिता राधेश्याम (70) का अंतिम संस्कार किया। माता-पिता कोरोना वार्ड में भर्ती थे।

सबसे ज्यादा मरीज इटारसी में मिले

मंगलवार को कोरोना के 156 नए केस सामने आए। इनमें होशंगाबाद में 23, इटारसी में 32, बाबई में 4, सिवनीमालवा में 3, सोहागपुर में 3, पिपरिया में 58, बनखेड़ी में 23, डोलरिया में 2 और केसला में 8 संक्रमित मिले।

महिलाओं को सांस लेने में थी तकलीफ

केस – 1 : हाथ पैर में दर्द था, बुखार नहीं आया
पुरानी इटारसी की दीवान कॉलोनी में सोमताबाई बरखने (70) की मौत कोरोना से हो गई। इनके पति प्रेमीलाल बरखने का देहांत पहले ही हो चुका था। मंगलवार सुबह 9:30 बजे शांतिधाम में शवयात्रा में आए अजय चौधरी ने बताया, सोमताबाई उनकी बुआ थीं। खांसी हुई। हाथ-पैर दुखे। बुखार नहीं आया। जब सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो रविवार को सरकारी अस्पताल में लेकर आए।

कोरोना की जांच होने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोविड वार्ड में सारे बेड फुल थे। एक बैड भर खाली था जो मिल गया। उन्हें भर्ती कर ऑक्सीजन लगाई गई। बुआ को कोरोना कैसे हुआ पता नहीं। खांसी और थकान होने के पहले वे बाजार गई थीं। गर्ल्स स्कूल रोड के एक निजी अस्पताल में चेकअप भी करवाया था। इनके घर में तीन बेटे-बहू हैं। तीनों के कुल 9 बच्चे हैं। परिजनों ने घर में किसी को कोरोना के लक्षण होने से इनकार किया है।

केस – 2 : बुखार आया, घर में दवाइयां खाती रहीं
पुरानी इटारसी के वार्ड 4 में पटेल मोहल्ला निवासी सुमित्रा मनवारे (70) दो दिन से सरकारी अस्पताल के कोविड वार्ड में भर्ती थीं। सांस लेने में तकलीफ थी। ऑक्सीजन लगी। फिर उनका देहांत हो गया। इनके पति बदामीलाल मनवारे पहले ही नहीं रहे थे। मंगलवार सुबह 11:30 बजे शांतिधाम में देवेंद्र तिलोटिया ने बताया सुमित्राबाई रिश्ते में उनकी नानी थीं। पांच दिन पहले उनको कोरोना का टीका लगा था। फिर बुखार आया।

घर की दवाइयां चलती रहीं। कोरोना संक्रमण कैसे लगा पता नहीं। जब सांस लेते नहीं बनी तो रविवार को सरकारी अस्पताल लाया गया। यहीं पर जांच हुई और कोविड की पॉजिटिव रिपोर्ट आई। कोविड वार्ड में उनको भर्ती कर लिया गया। घर में इनके दो बेटे-बहू और तीन बच्चे हैं। परिजनों के अनुसार इन सब की जांच बुधवार को अस्पताल जाकर करवाएंगे।
जिला अस्पताल में बड़ी लापरवाही उजागर

कोविड वार्ड में 4 घंटे बंद रही ऑक्सीजन सिलेंडर से सप्लाई

जिला अस्पताल के डीसीएचसी वार्ड में सोमवार-मंगलवार की रात करीब 4 घंटे ऑक्सीजन की सप्लाई बंद हो रही। सिलेंडर से ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से मरीजों के परिजन घबरा गए। मरीजों के परिजनों ने बताया काेविड वार्ड में 32 मरीजों को ऑक्सीजन लगी है। मंगलवार तड़के 4 बजे से अचानक से ऑक्सीजन आना बंद हो गई। कई मरीजों की पल्स कम हो गई।

अफरा-तफरी मची तो सुबह 8 बजे के बाद ऑक्सीजन मिलनी शुरू हुई। अस्पताल के कर्मचारी दूसरे पर आरोप लगा रहे थे कि किसी रात ड्यूटी के दौरान कर्मचारी ने ऑक्सीजन बंद कर दी। अचानक से ऑक्सीजन की सप्लाई बंद होने से करीब आधा दर्जन मरीज गंभीर अवस्था में पहुंच गए थे। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने इससे साफ इनकार किया है।

तीन गुना बड़ी ऑक्सीजन सिलेंडर की खपत
सिविल सर्जन डॉ. दिनेश दहलवार ने बताया ऑक्सीजन गैस सिलेंडर के पाइपलाइन में तकनीकी खराबी की वजह से कुछ समय के लिए परेशानी आई थी, जिसे ठीक करा लिया गया है। सभी मरीजों की हालत ठीक है। ऑक्सीजन सिलेंडर की खपत तीन गुना बढ़ गई है।

खबरें और भी हैं…



Source link