बढ़ती मौतों के बाद हरकत में प्रशासन: पवारखेड़ा कोविड सेंटर में रखवाई ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मशीन, रोकस भी खरीदेगी

बढ़ती मौतों के बाद हरकत में प्रशासन: पवारखेड़ा कोविड सेंटर में रखवाई ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मशीन, रोकस भी खरीदेगी


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

होशंगाबादएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक
  • इटारसी सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की कमी दूर करने की तैयारी, कलेक्टर, एसपी ने किया निरीक्षण

इटारसी में कोरोना के लक्षणों से हो रहीं मौतों और सरकारी अस्पताल में सुविधाओं की कमी से प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ (कोरोना नोडल अधिकारी) इटारसी पहुंचे। स्थानीय अधिकारियों के साथ शहर का राउंड लगाया। मरीजों के लिए ऑक्सीजन और कोविड सेंटर की समस्या पर पूरा फोकस रहा।

विधायक के साथ जिपं सीईओ ने बैठक की। बैठक में दो मुख्य निर्णय लिए गए। पहला – इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय में ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर मशीन रोगी कल्याण समिति (रोकस) के माध्यम से खरीदी जाएंगी। दूसरा- पॉजिटिव रिपोर्ट वाले मरीजों के लिए पवारखेड़ा में कोविड सेंटर व होशंगाबाद ज्ञानोदय कोविड सेंटर तत्काल शुरू करने की घोषणा की गई।

इस बैठक में होशंगाबाद से आए जिला पंचायत सीईओ मनोज सरियाम, विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के अलावा भाजपा नेता जगदीश मालवीय, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष डाॅ. नीरज जैन, सांसद प्रतिनिधि राजा तिवारी, पूर्व नपा सभापति जसवीर छाबड़ा व राकेश जाधव, इटारसी थाने से टीआई रामस्नेही चौहान, नगरपालिका से सीएमओ हेमेश्वरी पटले, नायब तहसीलदार पूनम साहू की मौजूदगी रही।

कलेक्टर-एसपी की गाड़ियां शहर में घूमीं
कलेक्टर धनंजय सिंह व एसपी संतोष गौर शुक्रवार को इटारसी आए। स्थानीय अधिकारियों को उन्होंने साथ लिया और गाड़ियों से शहर का भ्रमण किया। सीएमओ से शहर में सैनिटाइजेशन को कहा। कलेक्टर ने कहा कोविड केयर सेंटर पवारखेड़ा में ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर उपलब्ध करवाए हैं। उपचार, भोजन, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा की व्यवस्था के लिए पीआईयू के ईई को नोडल अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी योगेश घाघरे को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

प्राइवेट कोविड सेंटर बनाने का प्रस्ताव
प्राइवेट सेक्टर में कोविड सेंटर तैयार करने पर चर्चा हुई। शहर के डॉक्टर सहयोग देने तैयार हैं। एक ऑयल कंपनी के मालिक ने दो दिन में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

अब टोकन लेकर करवाएं कोविड टेस्ट
अस्पताल के फीवर क्लीनिक में कोविड टेस्ट करवाने आए मरीजों को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। उनको टोकन बांट दिए जाएंगे। जिस की बारी आएगी उस मरीज का टेस्ट होगा।

फालतू घूमने वालों पर प्रशासन करेगा सख्ती
कोरोना लॉकडाउन में नागरिकों को घर में रहना होगा। विधायक ने कहा कि अगर कोई बिना वजह कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करता है तो प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

मंडी में नहीं लगा रहे मास्क
फल व सब्जी मंडी में मास्क व सोशल डिस्टेंस के नियम का पालन नहीं होने से कोरोना का संक्रमण फैलने का खतरा है। पर इटारसी में अलग-अलग व्यवस्था लागू करने का प्रस्ताव लाया जाएगा। कर्फ्यू में सब्जी मंडी को छूट दी गई है लेकिन दुकानदार व ग्राहक गले मे मास्क लटकाकर दिख रहे हैं।

पवारखेड़ा कन्या शिक्षा परिसर, ज्ञानाेदय विद्यालय को बनाया काेविड सेंटर
प्रशासन ने काेविड केयर सेंटराें की संख्या बढ़ाई है। सीएमएचओ डॉ. दिनेश कौशल ने बताया होशंगाबाद में ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय और कन्या शिक्षा परिसर पवारखेड़ा में 50-50 बेड, सिवनीमालवा में 50 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाया है।

खबरें और भी हैं…



Source link