इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,73,518 तक पहुंच गयी. (सांकेतिक फोटो)
मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग (Health Department) के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ बृहस्पतिवार को प्रदेश में 53 कोविड-19 मरीजों की मौत हुई है. इसी के साथ इस वायरस से राज्य में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 4365 हो गई है.’’
प्रदेश में किसी एक दिन का यह कोविड-19 के नए मरीजों एवं इससे मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है. अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान 3970 मरीज ठीक भी हुए हैं. प्रदेश में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 55,694 मरीज उपचाराधीन हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 के 1693 नये मामले इंदौर में आये, जबकि भोपाल में 1637, ग्वालियर में 595, जबलपुर में 653 एवं उज्जैन में 267 नये मामले आये. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 3,73,518 संक्रमितों में से अब तक 3,13,459 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं.
संक्रमण से न्यायाधीश की मौत हो गई
वहीं, कल खबर सामने आई थी कि मध्य प्रदेश के रीवा में जिला न्यायालय के जज कमलनाथ जयसिंहपुरे की गुरुवार को कोरोना संक्रमण से मौत हो गई. जज की मौत से रीवा जिले में शोक है. कलेक्टर इलैयाराजा टी ने दुख व्यक्त करते हुए शोक संवेदना जताई है. बताया जा रहा है कि बुधवार को उन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर ऑक्सीजन नहीं मिलने की वजह से उनकी मौत हो गई. वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संक्रमण से निजात पाने को लेकर शासन और प्रशासन के द्वारा लगातार कोशिशें की जा रही हैं. मगर संक्रमण है कि रुकने का नाम नहीं ले रहा है. संक्रमण से मध्य प्रदेश में मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. जिसके तहत अब आज रीवा में भी कोरोना वायरस के संक्रमण से न्यायाधीश की मौत हो गई.