Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
प्रशांति धाम परिसर में अधिकारियों के साथ निरीक्षण करते सांसद फिरोजिया।
- घर पर क्वारेंटाइन की व्यवस्था नहीं होने पर निगेटिव मरीजों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास
- दो दिन में शुरू करने में जुटे, सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अवलोकन किया
कोरोना संक्रमित मरीजों को क्वारेंटाइन करने के लिए अब इंदौर रोड स्थित प्रशांति गार्डन में 100 बेड का सेंटर शुरू किया जाएगा। यहां ऐसे मरीजों को रखा जाएगा, जिनका केवल क्वारेंटाइन कर इलाज किया जा सकता है। कोरोना के ऐसे मरीज जिन्हें घर पर रखकर इलाज दिया जा सकता है, उनके लिए शहर में एक और सुविधा दो दिन में शुरू हो जाएगी। सांसद अनिल फिरोजिया ने बुधवार को इंदौर रोड स्थित प्रशांति गार्डन का अवलोकन कर वहां 100 बेड का क्वारेंटाइन सेंटर शुरू करने के लिए संचालकों के साथ बातचीत की।
उनके राजी हो जाने पर सांसद ने प्रशासनिक अधिकारियों को भी बुलाकर स्थान दिखाया। प्रशांति के प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए परिसर देने की स्वीकृति दे दी है। सांसद के अनुसार ऐसे मरीज जो कम संक्रमित है और जिन्हें क्वारेंटाइन रखकर इलाज किया जा सकता है, ऐसे मरीजों के लिए यहां पर 100 बेड का सेंटर बनाया जा रहा है। दो दिनों में सारी व्यवस्था जुटाकर यहां मरीजों को क्वारेंटाइन करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। सांसद ने प्रबंधन से बात करने के बाद प्रशासन के अधिकारियों को हाथोंहाथ बुलाकर इसका निरीक्षण भी करवाकर आगे की कार्रवाई जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
लोति विद्यालय परिसर में भी सर्व सुविधा युक्त नि:शुल्क सेंटर
ऐसे व्यक्ति जो निगेटिव हैं, संक्रमित नहीं है, किंतु उनमें कोरोना के प्रारंभिक लक्षण दिखाई दे रहे हैं और घर में क्वारेंटाइन होने की अलग से व्यवस्था नहीं है, उनके लिए लोकमान्य तिलक विद्यालय परिसर में आवास व चाय-नाश्ता, भोजन की व्यवस्था शुरू की गई है। यहां पूरे समय नर्सिंग स्टाफ व डॉक्टर्स की देखरेख में क्वारेंटाइन होकर रहा जा सकता है। यह व्यवस्था पूर्ण रूप से नि:शुल्क रहेगी। मरीज न्यूनतम 7 दिन या डॉक्टर की सलाह अनुसार उतने दिन यहां स्वच्छ व प्राकृतिक वातावरण में रुक सकते हैं। भर्ती होने का समय रोज सुबह 9 से दोपहर 12 बजे व शाम को 4 से 7 बजे तक है। मरीज को अपनी नेगेटिव रिपोर्ट एवं आधार कार्ड साथ में लाना होगा। इसके लिए संपर्क- राकेश शर्मा- 9926560020, रवींद्र उपाध्याय- 9425093137, गिरीश भालेराव- 9826393774, प्रतीक जोशी- 8109512957 है।
माधवनगर अस्पताल को भेंट की ‘ब्लड स्टोरेज मशीन’
दीपज्योति वेलफेयर सोसायटी ने माधवनगर अस्पताल में जरूरतमंदों की मदद के लिए ब्लड स्टोरेज मशीन भेंट की। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के आह्वान ‘मैं कोरोना वालेंटियर दान’ के तहत सोसायटी अध्यक्ष दीपक जैन ने जिपं सीईओ अंकित अस्थाना तथा जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक सचिन सिंपी को यह मशीन भेंट की। इसका उपयोग माधवनगर अस्पताल में जरूरतमंद मरीजों के लिए होगा। जैन ने बताया कि आगे भी अभियान में संस्था द्वारा मेडिकल उपकरण की व्यवस्था की जाएगी।
असमर्थ परिवार के मृत सदस्य के अंतिम संस्कार का खर्च उठाएंगे
मध्यम गरीब मजदूर वर्ग जिनके परिवार के सदस्य की मौत के बाद अंतिम संस्कार का खर्च देवेंद्र शाह लाला उठाएंगे। लाला ने बताया कई परिवार अंतिम संस्कार का खर्च नहीं उठा पाने के कारण मृत परिजन का विद्युत दाह गृह में संस्कार कर चले जाते हैं। ऐसे परिवार मोबाइल नंबर 8435839888, 6232888100 पर संपर्क कर सकते हैं।
पं. व्यास की स्मृति में दो विद्यार्थियों को आजीवन नि:शुल्क शिक्षा
ज्योतिर्विद पं. श्यामनारायण व्यास की तेरहवीं पर उनके पुत्र पं. चेतन व्यास व चंदन व्यास ने दो असमर्थ विद्यार्थियों के आजीवन अध्ययन की जिम्मेदारी उठाने का संकल्प लिया है। साथ ही गुमानदेव हनुमान मंदिर पर नि:शुल्क अन्नक्षेत्र और हर साल 108 त्रिवेणी वृक्षों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अन्य लोगों को भी प्रेरित किया। साथ ही लोगों को ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर तथा कई पारमार्थिक कार्य करने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया पिता वर्षभर में जो धार्मिक, सामाजिक व पारमार्थिक कार्य करते थे, उन आयोजनों का स्वरूप और भी बेहतर कर प्रस्तुत करने का प्रयास करेंगे।