- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Ipl
- CSK Vs MI 27th IPL Match LIVE Score; MS Dhoni Vs Rohit Sharma | Delhi Arun Jaitley Stadium News | Chennai Super Kings Vs Mumbai Indians IPL 2021 Live Cricket Score Latest News Update
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्ली40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
IPL में आज महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (MI) के बीच कड़ा मुकाबला होगा। 14वें सीजन का यह 27वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा। इस मैदान पर ये दोनों टीमें 7 साल बाद आमने-सामने होंगी। यहां दोनों के बीच एक ही मैच (2013) खेला गया, जिसमें चेन्नई ने मुंबई को 48 रन से हराया था।
मुंबई टीम हमेशा ही चेन्नई पर भारी रही है। MI के खिलाफ पिछले 6 मैच में CSK टीम सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है। यह जीत पिछले मुकाबले में ही मिली थी।
मुंबई और चेन्नई की टक्कर एल क्लासिको
स्पेनिश भाषा में ‘एल क्लासिको’ का मतलब चिरप्रतिष्ठित होता है यानी टूर्नामेंट की दो बेस्ट टीम के बीच टक्कर। स्पेन के दो फुटबॉल क्लब रियाल मैड्रिड और बार्सिलोना के बीच होने वाले मैच को एल क्लासिको कहा जाता है। फुटबॉल फैंस बड़ी संख्या में इस मैच का इंतजार करते हैं। ऐसा ही कुछ IPL में भी माना जाने लगा है। फुटबॉल के साथ क्रिकेट भी पसंद करने वाले फैंस चेन्नई और मुंबई के मैच को भी एल क्लासिको ही कहने लगे हैं।
रोहित ने 5 और धोनी ने 3 बार अपनी-अपनी टीम को खिताब जिताया
IPL इतिहास में अब तक मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा 5 बार खिताब जीता है। रोहित की कप्तानी में टीम 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैम्पियन रही। पिछली बार मुंबई ने फाइनल में दिल्ली को हराकर खिताब बचाया था। मुंबई टीम 9 बार प्लेऑफ में पहुंची और 6 बार फाइनल खेला है।
वहीं, धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स दूसरी सबसे ज्यादा 3 बार (2010, 2011, 2018) खिताब जीतने वाली टीम है। CSK सबसे ज्यादा 10 बार प्लेऑफ और 8 बार फाइनल खेलने वाली अकेली टीम है।
ओपनिंग में बराबर की टक्कर
दोनों टीम की बल्लेबाजी देखें तो मुकाबला बराबर का ही लग रहा है। मुंबई के लिए रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक ओपनिंग करते हैं। जबकि चेन्नई के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसिस हैं। ये चारों ही फॉर्म में हैं। डुप्लेसिस ऑरेंज कैप की रेस में दूसरे नंबर पर हैं।
मिडिल ऑर्डर में चेन्नई मजबूत
यदि मिडिल ऑर्डर की बात करें तो चेन्नई टीम भारी नजर आती है। इसमें सुरेश रैना, मोइन अली, अंबाती रायडू, रविंद्र जडेजा और महेंद्र सिंह धोनी आते हैं। उनके बाद सैम करन और शार्दूल ठाकुर का नंबर होता है। जडेजा ने बेंगलुरु के खिलाफ हर्षल पटेल के एक ओवर में 5 छक्के जड़कर 37 रन बनाए थे।
वहीं, मुंबई की टीम में सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड के ऊपर मिडिल ऑर्डर का दारोमदार होता है। इनमें सिर्फ सूर्यकुमार के बल्ले से ही रन निकल रहे हैं। बाकि प्लेयर खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। हालांकि, पिछले मैच में राजस्थान के खिलाफ क्रुणाल पंड्या ने 39 रन बनाकर मैच जिताया था।
बॉलिंग में भी बराबरी का मुकाबला
दोनों टीम बॉलिंग डिपार्टमेंट में एकदूसरे से कम नहीं हैं। मुंबई की टीम 5 तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है। इनमें तीन स्पेशलिस्ट ट्रेंट बोल्ट, नाथन कुल्टर नाइल और जसप्रीत बुमराह हैं। दो हार्दिक पंड्या और कीरोन पोलार्ड ऑलराउंडर हैं। स्पिन डिपार्टमेंट राहुल चाहर और जयंत यादव संभालते दिखेंगे।
धोनी एंड टीम इस मैच में 4 फास्ट बॉलर्स के साथ उतर सकती है। यह बॉलर सैम करन, शार्दूल ठाकुर, लुंगी एनगिडी और दीपक चाहर होंगे। बतौर स्पिनर्स टीम में ऑलराउंडर मोइन अली और रविंद्र जडेजा रहेंगे।
पिच रिपोर्ट
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच से बल्लेबाजों को मदद मिल सकती है। इस सीजन में यहां अब तक 2 मैच खेले गए, जिसकी चारों पारी में स्कोर 170 से ज्यादा का बना। दोनों बार बाद में बैटिंग करने वाली टीम जीती। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बॉलिंग करना चाहेगी। दोनों मैच मुंबई और चेन्नई के ही रहे हैं। चेन्नई ने सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई ने राजस्थान रॉयल्स को 7-7 विकेट से हराया।