Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
नगर निगम जबलपुर
- कंट्रोल एण्ड कमांड सेंटर को लेकर निगमायुक्त ने दी चेतावनी
कोरोना के नियंत्रण और समन्वय के लिए बनाया गया कंट्रोल रूम अब कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहा है। यही कारण है कि यहाँ जिन कम्प्यूटर ऑपरेटर्स की ड्यूटी लगाई गई थी उन्हें चेतावनी जारी की गई है कि वे समय और नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित हों वरना उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा।
कई ऑपरेटर्स तो अधिकारियों के कॉल का भी जवाब नहीं दे रहे हैं। बताया जाता है कि कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में नगर निगम के 70 से अधिक कम्प्यूटर ऑपरेटर्स की तैनाती की गई है, लेकिन उनमें से बहुत सारे ऑपरेटर्स गायब हैं। इसके चलते कंट्रोल सेंटर का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई दिनों तक बचे हुए कर्मचारी ही काम सँभाल रहे थे।
जब इसकी शिकायत कंट्रोल रूम प्रभारी ने नगर निगम कमिश्नर संदीप जीआर को दी तो उन्होंने सख्त कदम उठाते हुए सभी लापरवाह कर्मचारियों को चेतावनी जारी कर दी है। इसके तहत राजस्व उपायुक्त पीएन सन्खेरे ने आदेश जारी किया है कि यदि ऑपरेटर चेतावनी के बाद भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए तो उन्हें नौकरी से निकाल दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि व्यापक जनहित से जुड़े इस मुद्दे को भास्कर ने उठाया था।
कई ऑपरेटर्स पर अधिकारियों का हाथ
बताया जाता है कि गायब रहने वाले कई ऑपरेटर्स ऐसे हैं जिनके ऊपर निगम के ही किसी न किसी अधिकारी का हाथ है। यही कारण है कि अभी तक वे लापरवाही करते रहे, ड्यूटी से गायब रहे और कोई कार्रवाई नहीं की गई लेकिन अब मामला निगमायुक्त तक पहुँच गया है इसलिए उन पर गाज गिरनी तय है।
15 कर्मियों की शिफ्ट, आ रहे 6-7
कंट्रोल रूम में चौबीसों घंटे काम हो रहा है और इसके लिए 3 शिफ्टों में काम लिया जा रहा है। हर शिफ्ट में निगम के 15 कर्मचारियों की तैनाती है, लेकिन आधे कर्मचारी गायब रहते हैं, जिससे काम प्रभावित हो रहा था यही कारण है कि अब इस मामले में गंभीर रुख अपनाया गया है।