दतिया में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से झमाझम बारिश का सिलसिला शुरू हुआ, जो 8 बजे तक भी जारी रहा। तेज बारिश से जहां मौसम एकदम सुहाना हो गया, वहीं तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई है।
.
बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गलियों और मुख्य चौराहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आगामी दिनों में और बारिश की संभावना मौसम वैज्ञानिक जयदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दतिया में मानसून की आधिकारिक एंट्री हो चुकी है। फिलहाल दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके अतिरिक्त एक और चक्रवातीय हवाओं का घेरा पूर्वोत्तर राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। वहीं ट्रफ लाइन उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से होते हुए उत्तर गुजरात और पूर्वोत्तर राजस्थान तक सक्रिय है। इसके असर से अगले दो से तीन दिनों में ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों – दतिया, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, डबरा और ग्वालियर में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
सावधानी बरतने की सलाह तेज बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। विशेष रूप से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर नगर पालिका को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।