Last Updated:
Iran-Israel War: उज्जैन की महिला कतर में फंस गई है. सोमवार को उसने पति को फोन किया और वहां के हालात बताए. तभी फोन कट गया, इसके बाद मामला सीएम से केंद्रीय गृहमंत्री तक पहुंच गया…
हाइलाइट्स
- उज्जैन की मनीषा भटनागर कतर में फंसी
- सीएम मोहन यादव ने गृहमंत्री से की बात
- फोन कटने के बाद से पूरा परिवार परेशान
Ujjain News: ईरान-इजरायल जंग के बीच कई भारतीय नागरिक भी फंसे हैं. इसको लेकर तमाम मामले पूरे देश से सामने आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश के उज्जैन से भी सामने आया है. उज्जैन की महिला मनीषा भटनागर भी कतर में फंस गई है. उसको वापस लाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं. भारत सुरक्षित वापस लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है. उनको परिवार की चिंता बताई.
कल फोन आया तो घबराए पति
मनीषा के पति रजत भटनागर सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. बताया कि हमारा पूरा परिवार नानाखेड़ा स्थित अभिषेक नगर में रहता है. सोमवार रात को पत्नी का फोन आया था. वह घबराई हुई थी. उसने बताया कि मिसाइल से अटैक हो रहे हैं. घर के पास आवाजें आ रही हैं. इससे बहुत घबराहट हो रही है.
पति ने बताया कि इसके बाद हमने न्यूज चैनल लगाया तो देखा कि कतर में स्थित अमेरिका के सैन्य बेस पर ईरान ने हमला किया है. इससे काफी पैनिक स्थिति बन गई थी. कुछ समय बाद फिर रजत ने पत्नी को फोन लगाया, लेकिन रिसीव नहीं किया गया. इस कारण से घर-परिवार के लोग परेशान हो रहे थे.
सीएम मोहन यादव ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, उज्जैन निवासी रजत भटनागर की पत्नी मनीषा दोहा में फंसी हुई हैं. इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से सहयोग का अनुरोध किया है. डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश अधिकारियों को इसके लिए जरूरी निर्देश दिए हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से समन्वय कर मनीषा को वापस लाने के लिए कहा है.
ईरान और इजरायल जंग के बीच फंसी मनीषा के पति रजत ने बताया, जब पत्नी से संपर्क नहीं हो पा रहा था, तब हमने युवा मोर्चा से जुड़े कार्तिक से बात की. उन्होंने हमारी बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचाई. इसके बाद सीएम ने तुरंत एक्शन लिया. वहां भी अभी स्थिति सामान्य होने लगी है. मनीषा से मंगलवार को संपर्क हो गया है. वह जल्द उज्जैन आएगी. उज्जैन प्रशासन से भी फोन आया था. उन्होंने भी जानकारी ली है.
पत्नी की चिंता में ई-मेल
मनीषा के पति रजत ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के अलावा इंडियन दूतावास, कतर दूतावास, पीएमओ, सीएमओ, एविएशन डीजीसीए को भी ई-मेल किया था. इसमें मनीषा की सभी जानकारी साझा की है. सीजफायर की न्यूज के बाद कतर सीमा पर स्थिति सामान्य है.