टीकमगढ़ में पिछले 36 घंटे से लगातार बारिश जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले में 6.6 इंच औसत बारिश दर्ज की गई है। टीकमगढ़ तहसील में सर्वाधिक 8.5 इंच और पलेरा में 6.49 इंच बारिश हुई है।
.
जिले में अब तक कुल 32.20 इंच औसत बारिश हो चुकी है। यह पिछले साल की तुलना में 22 इंच अधिक है। लगातार बारिश के कारण टीकमगढ़ से झांसी, छतरपुर और ललितपुर जाने वाले मार्ग बंद हो गए हैं।
कुंडेश्वर में जमडार नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इससे टीकमगढ़-महरौनी मार्ग बंद है। कुंडेश्वर स्थित नवोदय विद्यालय में पानी भर जाने से विद्यार्थियों को स्कूल के हॉल में स्थानांतरित किया गया है।
पुरानी टिहरी मोहल्ले में राजशाही काल का पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। शहर का महेंद्र सागर तालाब अपनी पूरी क्षमता 14 फीट तक भर चुका है। शिव शक्ति कॉलोनी, शिवनगर कॉलोनी और कुंवरपुर रोड की कई कॉलोनियों में जलभराव है।

हनुमान सागर तालाब से पानी बंधान से ऊपर बह रहा है। बौरी हनुमान मंदिर के पास का नाला ओवरफ्लो होने से प्राचीन मंदिर की दीवार गिर गई है। कलेक्टर विवेक श्रोतिय, एसडीएम लोकेंद्र सिंह और नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

शिव शक्ति कॉलोनी के लोगों का कहना है कि नाले पर अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पा रहा है। जिस हालत बिगड़ गए हैं। यही हाल भटनागर कॉलोनी का है। डॉ महेश बुखारिया ने बताया कि पहली बार उनके घर के अंदर पानी भर गया है। नाले पर अतिक्रमण के कारण हालात बिगड़े हैं। फिलहाल नगर पालिका और प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी है।

भू अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान वर्षा मापी केंद्र टीकमगढ़ में 215 मिली मीटर बारिश हुई। जबकि बड़ागांव धसान में 90, बल्देवगढ़ में 190, खरगापुर में 186, जतारा में 110, मोहनगढ़ में 197, लिधौरा में 196 और पलेरा में 165 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई।

जिले में हो चुकी 80 फीसदी औसत बारिश जिले में कुल औसत बारिश का आंकड़ा 1000 मिली मीटर यानी 40 इंच है। अब तक जिले में 818 मिली मीटर औसत यानी 32.2 इंच औसत बारिश हो चुकी है। यानी बारिश का 80 प्रतिशत कोटा पूरा हो गया है। अब तक टीकमगढ़ तहसील में 1106 मिमी वर्षा हो चुकी है। बड़ागांव धसान में 549, बल्देवगढ़ में 774, खरगापुर में 777, जतारा में 609, मोहनगढ़ में 920, लिधौरा में 750 और पलेरा में 1059 मिली मीटर बारिश हुई है। पिछले साल की तुलना में इस बार 22 इंच औसत बारिश अधिक हो चुकी है।
देखिए तस्वीरें…



