दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल ने मंडला जिले की रेल कनेक्टिविटी को बेहतर किया है। रेलवे ने इंदौर-सिवनी पेंचवेली एक्सप्रेस (19343-19344) का विस्तार नैनपुर तक कर दिया है।
.
नैनपुर रेलवे स्टेशन पर मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बालाघाट सांसद भारती परिधि और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा मंडला जिले के लोगों को मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों भोपाल और इंदौर से सीधा जोड़ेगी।
ट्रेन नैनपुर से रोजाना शाम 7 बजे रवाना होगी
15 जुलाई से नैनपुर-इंदौर पेंचवेली एक्सप्रेस 19344 नैनपुर से रोजाना शाम 7 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल और इटारसी होते हुए अगले दिन सुबह 7:50 बजे भोपाल और दोपहर 12:45 बजे इंदौर पहुंचेगी।
वापसी में इंदौर-नैनपुर पेंचवेली एक्सप्रेस 19343 दोपहर 1:05 बजे इंदौर से चलेगी। यह शाम 6 बजे भोपाल और अगले दिन सुबह 6:30 बजे नैनपुर पहुंचेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण पंजवानी और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


