बालाघाट में आगामी 9 जुलाई शनिवार को रक्षाबंधन मनाया जाएगा। इस पर्व को लेकर शहर के बाजार रंगबिरंगी राखियों से सज गए हैं और खरीदारी शुरू हो गई है। दूर रहने वाले भाईयों को राखियां भेजने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है।
.
बहनों की राखियां समय पर भाईयों तक पहुंचे, इसके लिए बालाघाट डाकघर में डिजिटल व्यवस्था की गई है। भारतीय डाक विभाग ने राखियों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए विशेष डिजिटल पहल ‘राखी डाक फ्री पिकअप’ शुरू की है।
डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक वाय.एल. धनेन्द्र ने बताया कि डाकघरों में विशेष पत्र पेटिका स्थापित की गई है। साथ ही व्हाट्सएप के माध्यम से निःशुल्क पिकअप सेवा भी उपलब्ध है।
इस सेवा के लिए एक क्यूआर कोड जारी किया गया है। इसे स्कैन करने पर प्रेषक सीधे प्रधान डाकघर के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर से जुड़ जाते हैं। बहनें व्हाट्सएप पर ‘पिक अप’ लिखकर पता भेज सकती हैं।
इस क्यूआर से डाकघर के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर से जुड़ सकते हैं।
इस पते पर डाकिया घर पहुंचकर राखी के लिफाफे, पार्सल या स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए पिकअप कर लेंगे। डाक विभाग ने व्हाट्सएप नंबर 9424390270 भी जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर बहनें घर बैठे अपनी राखी पोस्ट कर सकती हैं।
धनेन्द्र ने बताया कि प्रतिदिन जिले में हर पोस्टमेन के पास 100 से अधिक राखी डाक आ रही है। डाकिया इन्हें समय पर पहुंचाने में लगे हुए हैं।
