Last Updated:
Pickle Storage Tips: बारिश के मौसम में अगर आपने अचार को सही तरीके से स्टोर नहीं किया तो अचार में भी फफूंद लग सकता है. अचार को खराब होने से बचाने के लिए आप कुछ टिप्स फॉलो कर सकते हैंं. (रिपोर्ट: वंदना रेवांचल तिवारी)
बरसात के मौसम में खाने की चीजें अक्सर नमी के कारण खराब हो जाती हैं. अगर आपने अचार को सही तरीके से स्टोर नहीं किया तो आम के अचार में भी फफूंद लग सकता है. अचार को खराब होने से बचाने के लिए आप कुछ टिप्स फॉलो कर सकते हैं.

रीवा में आचार बनाने की एक्सपर्ट ने ऐसी कई गलतियां बताईं जो अचार डालने समय महिलाएं करती हैं. रीवा की केसरवनी अचार एवं मसाला भंडार की संचालिका दीपाली गुप्ता बताती हैं कि उनके यहां 156 तरह के अचार बनाए जाते हैं. इसलिए उन्हें स्वाद और स्टोरेज का खास ध्यान रखना होता है.

इस सीजन में तमाम घरों में अचार रखे जा रहे हैं. कहीं आम, कहीं नींबू, कहीं मिर्च तो कहीं कटहल. वहीं बरसात भी आने वाली है. ऐसे में फंफूद लगने का खतरा रहेगा.ये टिप्स आपके अचार को हर मौसम में बचाएंगी.

अचार का सेवन आमतौर पर खाने का जायका बढ़ाने के लिए किया जाता है. यही कारण है कि ज्यादातर लोग खाने के साथ थाली में अचार शामिल करना नहीं भूलते. हालांकि, बारिश के मौसम में अचार अक्सर खराब हो जाते हैं. इसका सबसे बड़ा कारण अचार डालते समय की जाने वाली गलतियां होती हैं.

तेल और नमक मिक्स करें: कुछ लोग हेल्थ के मद्देनजर अचार में तेल कम डालते हैं. हालांकि, तेल और नमक अचार के लिए नेचुरल प्रिजर्वेटिव का काम करते हैं. इसलिए अचार बनाते समय तेल और नमक की मात्रा अधिक रखें. इससे आपका अचार लंबे समय तक खराब नहीं होगा. मगर, अचार में तेल और नमक मिक्स करने के बाद धूप दिखाना न भूलें.

नमी से बचाएं: मानसून में अचार को नमी से बचाना काफी चैलेंजिंग होता है. कई बार एयर टाइट कंटेनर में रखने के बाद भी अचार में नमी आ जाती है. ऐसे में अचार को सुरक्षित रखने के लिए ढक्कन को कागज या कपड़ा लगाकर बंद करें, इससे अचार खराब नहीं होगा.

कांच के जार का करें इस्तेमाल: मानसून में अचार को स्टोर करने के लिए कांच के जार का इस्तेमाल सबसे अच्छा होता है. प्लास्टिक या दूसरे कंटेनर में अचार कड़वा होने के साथ-साथ जल्दी खराब हो सकता है. वहीं, कांच के जार या बर्नी में अचार सुरक्षित रहता है और इसमें फफूंद भी नहीं लगती.

सफाई पर दें ध्यान: अचार को खराब होने से बचाने के लिए साफ चम्मच का इस्तेमाल करें. साथ ही ध्यान रखें कि आपके हाथ गंदे या जूठे न हों. इसके अलावा अचार में चम्मच रखने से बचें. स्टील का चम्मच अचार के डिब्बे में छोड़ने से अचार जल्दी खराब हो जाता है. इसलिए साफ और सूखे चम्मच से अचार निकालें और चम्मच को बाहर निकाल लें.