मंदसौर जिले के दलोदा में 15 अगस्त की रात सोना-चांदी व्यापारी अमित सोनी दुकान बंद कर घर जा रहे थे। इस दौरान सांवलिया विहार कॉलोनी गेट के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोका।
.
बदमाशों ने अमित को लात मारकर गिराया और लाठियों से पीटा। इसके बाद उनसे करीब 12 किलो चांदी और 100 ग्राम सोने से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। हमले में अमित के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। उनका इलाज मंदसौर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है। इससे नाराज स्वर्णकार समाज ने सोमवार को शुक्ला चौक से सिटी कोतवाली तक रैली निकाली। समाज के लोगों ने एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
एडिशनल एसपी बघेल ने बताया कि आरोपियों की तलाश में 15 से अधिक पुलिस टीमें लगी हैं। पुलिस दलोदा थाना क्षेत्र और आसपास के जिलों में छापेमारी कर रही है। करीब 200 सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।