कांग्रेस के सीनियर लीडर व पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने भिंड विधायक को लेकर बड़ा बयान दिया।
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह का गुस्सा अब भाजपा सरकार पर ही भारी पड़ता दिखाई दे रहा है। जिले के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के निवास पर पहुंचकर की गई अभद्रता और धमकी के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
.
कांग्रेस इसे लेकर अब सरकार को कटघरे में खड़ा कर रही है। वहीं, जिला प्रशासन के विभिन्न कर्मचारी संगठनों में भी इस घटनाक्रम को लेकर नाराजगी है। आज जिलेभर में सरकारी अमला विरोध प्रदर्शन करेगा।
कलेक्टर निवास पर हंगामा, मुक्का दिखाकर धमकाया
बुधवार को विधायक कुशवाह कलेक्टर निवास पहुंचे और खाद संकट के मुद्दे पर बात करते हुए कथित तौर पर गाली-गलौज, मुक्का बांधकर धमकाने और ऊंची आवाज में बहस करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने कलेक्टर के खिलाफ अपशब्द कहे और माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
कलेक्टर निवास पर हुई बहस। मुक्का दिखाकर धमकाया।
कांग्रेस बोली– यह रेत माफिया का मामला है, खाद बहाना
पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “खाद का मुद्दा सिर्फ एक बहाना है। असली वजह रेत चोरी है। जब कलेक्टर ने इस अवैध गतिविधि को रोका, तो विधायक बौखला गए। यह कोई पहली बार नहीं है, जब उन्होंने ऐसा किया हो। इससे पहले भी एक आईपीएस अफसर से उलझ चुके हैं।”
बोले- नगर पालिका को लूटने का सपना देख रहे हैं विधायक
चतुर्वेदी ने कहा कि कलेक्टर खाद की फैक्ट्री नहीं चलाते, इसके लिए विधायक को मुख्यमंत्री या प्रभारी मंत्री से संपर्क करना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक भिंड नगर पालिका पर कब्जा कर उसे लूटने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी कीमत पर नगर पालिका को रेत माफिया के हवाले नहीं होने देगी।

भिंड विधायक के इस बरताव पर कांग्रेस ने बनाया मुद्दा।
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से कहा– “तैयार रहें”
पूर्व मंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि “आज कलेक्टर को धमकाया गया है, कल किसी कांग्रेस नेता को भी धमकाया जा सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता सतर्क रहें। यह सिर्फ प्रशासनिक मामला नहीं है, यह लोकतंत्र पर हमला है।”
सरकारी महकमे में भी नाराजगी, आज होगा विरोध प्रदर्शन
विधायक कुशवाह के बर्ताव से अब सरकारी अमले में आक्रोश है। विशेष रूप से राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने विधायक की दबंगई के विरोध में आंदोलन की योजना बनाई है। आज जिलेभर में कर्मचारी संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।