विशाखापट्टनम13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अर्जुन देशवाल ने मैच में कुल 12 रेड पॉइंट्स हासिल किए।
विशाखापट्टनम में शुक्रवार रात प्रो कबड्डी लीग (PKL) सीजन-12 का आगाज हुआ। मैच से पहले 14 साल के IPL स्टार वैभव सूर्यवंशी उद्घाटन के लिए आए। उन्होंने कबड्डी भी खेली।
पहले ही मैच में तमिल थलाइवाज ने मेजबान टीम तेलुगु टाइटंस को 38-35 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मैच का फैसला टाई ब्रेकर से हुआ। पुनेरी पलटन ने बेंगलुरु बुल्स को हरा दिया।
तमिल थलाइवाज से अर्जुन देशवाल ने सुपर-10 लगाया। वहीं कप्तान पवन सहरावत ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 अंक हासिल किए। तेलुगु टाइटंस के लिए भरत हुड्डा ने दमदार खेल दिखाया और 9 अंक बटोरे, लेकिन उनकी कोशिश टीम को जीत नहीं दिला सकी।

क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी कबड्डी खेलते हुए।
अर्जुन देशवाल ने पहली रेड की मैच की शुरुआत में ही अर्जुन देशवाल ने पहले रेड से पॉइंट लेकर तमिल थलाइवाज को बढ़त दिला दी। इसके बाद तेलुगु टाइटंस के लिए विजय मलिक ने खाता खोला। जल्द ही भरत हुड्डा ने डू ऑर डाई रेड में पॉइंट्स लेकर मैच को बराबरी पर ला दिया। अर्जुन देशवाल ने इस दौरान 7 रेड प्वॉइंट लिए और हाफ टाइम तक तमिल थलाइवाज 14-13 से आगे रही।

अर्जुन देशवाल ने तमिल थलाइवाज को मैच में बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में तेलुगु की वापसी दूसरे हाफ की शुरुआत में तेलुगु टाइटंस ने जोरदार वापसी की। भरत हुड्डा ने हिमांशु और सुरेश जाधव को आउट करते हुए अपनी टीम को बढ़त दिलाई और इसके बाद सीजन का पहला ऑल आउट कराया। इस तरह टाइटंस ने 19-14 की बढ़त बना ली।
लेकिन अर्जुन देशवाल और पवन सहरावत की जोड़ी ने तमिल थलाइवाज को वापस मुकाबले में ला खड़ा किया। देशवाल ने सुपर-10 पूरा किया, जबकि सहरावत ने भी तेजी से अंक जुटाना शुरू किया। दोनों की शानदार रेडिंग से थलाइवाज ने स्कोर बराबर कर लिया और फिर नितेश कुमार के दमदार टैकल से अशिष नरवाल को आउट कर तेलुगु टाइटंस को ऑल आउट किया। इसी के साथ तमिल थलाइवाज ने 31-29 की बढ़त बना ली।
पवन सहरावत की सुपर रेड ने जीत दिलाई अंतिम मिनटों में मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। भरत हुड्डा ने अपना नौवां रेड प्वॉइंट हासिल कर स्कोर का अंतर सिर्फ एक अंक का कर दिया। लेकिन आखिरी पलों में पवन सहरावत ने कमाल की सुपर रेड करते हुए तीन अंक अपनी टीम के खाते में जोड़ दिए और तमिल की जीत पक्की कर दी।

पवन सहरावत ने तमिल के लिए 9 रेड पॉइंट लिए।
पुनेरी पलटन ने दूसरा मैच जीता प्रो कबड्डी लीग में दिन के दूसरे मैच में बेंगलुरु बुल्स और पुनेरी पलटन का मैच 32-32 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद मैच का फैसला टाई-ब्रेकर में हुआ, जहां पुनेरी पलटन ने 6-4 से जीत दर्ज की और सीजन का पहला टाई-ब्रेकर अपने नाम किया।
इस मैच में दोनों टीमों के बीच लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिले। पहले हाफ तक स्कोर 13-13 से बराबरी पर रहा। बुल्स के लिए आकाश शिंदे ने शानदार रेडिंग की, जबकि पलटन के लिए आदित्य शिंदे और कप्तान असलम इनामदार ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। आखिरी मिनटों में भी मुकाबला बेहद नजदीकी रहा और स्कोर बराबर होता गया। आखिरकार टाई-ब्रेकर में पुनेरी पलटन ने बाजी मारी। टाई-ब्रेकर में दोनों टीम को 5-5 रेड करने को मिली थी।

पुनेरी पलटन के रेडर को रोकते हुए बेंगलुरु बुल्स के डिफेंडर।