संन्यास लेते ही अश्विन का धमाका, IPL के बाद अब इस विदेशी लीग में मचाएंगे तहलका

संन्यास लेते ही अश्विन का धमाका, IPL के बाद अब इस विदेशी लीग में मचाएंगे तहलका


नई दिल्ली: आईपीएल से संन्यास लेते ही जिस एक सवाल ने क्रिकेट फैंस के दिलों-दिमाग पर कब्जा कर लिया था वो था- अब अश्विन क्या करने वाले हैं? भारत के महान स्पिनर्स में शुमार रविचंद्रन अश्विन ने आखिरकार इस सस्पेंस से पर्दा उठा दिया है.

30 सितंबर को होगी नीलामी
रविचंद्रन अश्विन ने आगामी ILT20 ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है. नीलामी 30 सितंबर को दुबई में होगी जबकि टूर्नामेंट UAE में 2 दिसंबर से 4 जनवरी तक खेला जाएगा. क्रिकबज से खास बातचीत में अश्विन ने बताया:

हां, मैं आयोजकों से बातचीत कर रहा हूं. उम्मीद है कि अगर मैं नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन कराऊंगा तो मुझे कोई खरीदार मिल जाएगा.

27 अगस्त को अचानक लिया संन्यास
लीग पहले खिलाड़ियों की भर्ती के लिए ड्राफ्ट सिस्टम का इस्तेमाल करती थी, लेकिन आयोजकों ने इस साल नीलामी प्रणाली शुरू की है. आपको याद होगा कि अश्विन ने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया था. अब 27 अगस्त को अचानक IPL से भी अपना बोरिया बिस्तर समेट लिया.

ILT20 के तीन सीजन हो चुके
अब तक तीन संस्करण पूरे कर चुके इस टूर्नामेंट के पिछले सीजन में दुबई कैपिटल्स ने फाइनल में डेजर्ट वाइपर्स को हराकर खिताब जीता. एमआई एमिरेट्स, गल्फ जायंट्स, अबू धाबी नाइटराइडर्स, शारजाह वॉरियर्स, दुबई कैपिटल्स और डेजर्ट वाइपर्स इस लीग में खेलनी वाली टीम हैं.

IPL में लिए 187 विकेट
अश्विन ने 221 आईपीएल मैच में 187 विकेट लिए और टूर्नामेंट के इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. 38 वर्षीय अश्विन ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत और अंत दोनों अपनी घरेलू फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ किया था, जिसके साथ उन्होंने 2010 और 2011 में दो बार ट्रॉफी भी जीती थी.

अश्विन से पहले ILT20 से जुड़ने वाले बड़े भारतीय नाम
अगर अश्विन को नीलामी में चुना जाता है तो वह यूएई लीग में खेलने वाले भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े नाम बन जाएंगे. रॉबिन उथप्पा और यूसुफ पठान को पहले ही चुना जा चुका है, लेकिन उन्होंने अभी तक डेब्यू नहीं किया है जबकि अंबाती रायडू एकमात्र भारतीय प्लेयर हैं, जिन्हें खेलने का मौका मिला है, उन्होंने एमआई एमिरेट्स के लिए आठ मैच खेले थे.

दुनिया भर में घूम-घूमकर टी-20 लीग खेलने का प्लान
यह संभावना है कि अश्विन को लीग में भाग लेने का फैसला करने से पहले टीमों से कुछ आश्वासन मिले होंगे. अश्विन अंतरराष्ट्रीय लीग में खिलाड़ी-सह-कोच की भूमिका पर नजर गड़ाए हुए हैं और यह लगभग तय है कि वह अगले साल अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) और इंग्लैंड में द हंड्रेड में खेलेंगे.



Source link