शाजापुर के महुपुरा में चीलर नदी की रपट पर सोमवार रात को एक ऑटो रिक्शा नदी में जा गिरा। घटना उस समय हुई जब चालक ऑटो को रपट से कुछ दूर खड़ा कर सब्जी खरीदने चला गया।
.
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि ऑटो नदी से दूर खड़ा था। चालक के जाने के बाद वाहन पीछे की ओर लुढ़का और नदी में गिर गया। स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे में ऑटो को नदी से बाहर निकाला गया। सौभाग्य से ऑटो में कोई सवारी नहीं थी।
एक दिन पहले भी इसी रपट पर एक दुर्घटना हुई थी। एक बाइक सवार ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी थी। टक्कर में बाइक सवार युवक नदी किनारे जबकि महिला रपट पर गिरी थी।
ऑटो चालक देवेन्द्र व्यास ने नगरपालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि रैलिंग न होने के कारण यहां आए दिन हादसे होते हैं। महुपुरा में चीलर नदी में हमेशा पानी भरा रहता है। रपट की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी बारिश में ही शहर दो हिस्सों में बंट जाता है। ऐसे में रपट पार करना मुश्किल हो जाता है।