अशोकनगर में जलझूलनी एकादशी के अवसर पर धार्मिक उत्सव का आयोजन किया गया। दोपहर बाद शहर के विभिन्न मंदिरों से विमान यात्रा शुरू हुई। विमान शहर के मुख्य चौक-चौराहों से होते हुए रात को पछाड़ी खेड़ा स्थित तुलसी सरोवर पहुंचे।
.
तुलसी सरोवर पर भगवान का जल विहार कराया गया। विधि-विधान से पूजन के बाद सामूहिक आरती की गई। युवतियों ने मां महाकाली की आरती की। शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक गांधी पार्क से फुट ओवर ब्रिज और पछाड़ी खेड़ा रोड तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत नगर पालिका ने तालाब में बेरिकेड्स लगाए। एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवान तैनात किए गए। दो नावें भी रखी गईं। तालाब के किनारे पुलिस जवान तैनात थे। छोटी मूर्तियों के विसर्जन के लिए अलग व्यवस्था की गई।
रात को सभी विमान एक साथ तालाब पर पहुंचे। आधे घंटे तक आतिशबाजी का कार्यक्रम चला। विमान यात्रा के कारण शहर के कई मार्ग बायपास किए गए। बड़े वाहनों को रघुवंशी धर्मशाला के पास से ही रोका गया।
श्रद्धालुओं ने स्वागत द्वार सजाए और विमानों का फूल वर्षा से स्वागत किया। लोगों ने घरों के बाहर आरती उतारी और पूजन किया। कार्यक्रम में प्रसाद वितरण भी किया गया।

