CAFA Nations Cup 2025: अफगानिस्तान से नहीं जीत पाया भारत, ड्रॉ के बाद अब क्या हैं काफा कप में समीकरण?

CAFA Nations Cup 2025: अफगानिस्तान से नहीं जीत पाया भारत, ड्रॉ के बाद अब क्या हैं काफा कप में समीकरण?


CAFA Nations Cup 2025: भारत और अफगानिस्तान के बीच गुरुवार को ताजिकिस्तान के हिसोर में काफा नेशंस कप 2025 का मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ. ग्रुप बी टीम इंडिया का ये तीसरा मुकाबला था. उसने अपने पहले मैच में ताजिकिस्तान को 2-1 से हराया था. उसके बाद फीफा रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज मजबूत ईरान के खिलाफ जोरदार लड़ाई के बावजूद 0-3 से हार का सामना करना पड़ा. अब अफगानिस्तान से ड्रॉ के बाद टीम के फाइनल में खेलने का सपना पूरी तरह टूट गया.

हमले किए, लेकिन गोल नहीं कर पाए

राहुल भेके की अगुवाई वाली टीम पहले हाफ में कई करीबी मौके मिलने के बावजूद कोई गोल करने में नाकाम रही. आशिक, इरफान और जितिन हमले में वास्तव में अच्छे थे लेकिन भारतीय टीम अपने हमलों को अंजाम तक नहीं पहुंचा सकी. भारत पहले हाफ में मैदान पर बेहतर था लेकिन अफगानिस्तान उसे 0-0 पर रोकने में कामयाब रहा. गुरप्रीत सिंह संधू ने गोलपोस्ट के सामने हमेशा की तरह अपने काम को बखूबी से अंजाम दिया और अफगानिस्तान को गोल से दूर रखा.

Add Zee News as a Preferred Source


ये भी पढ़ें: ​US Open 2025: बड़े उलटफेर…नाओमी ओसाका और अनिसिमोवा का कमाल, नंबर-2 प्लेयर यूएस ओपन से बाहर

दूसरे हाफ में अफगानिस्तान ने किया अटैक

गुरप्रीत ने दूसरे हाफ में भी अपना अच्छा काम जारी रखा. अफगानिस्तान ने कई मौकों पर भारत से मैच छीनने की कोशिश की, लेकिन टीम इंडिया के अनुभवी गोलकीपर ने ऐसा नहीं होने दिया. अफगानिस्तान दूसरे हाफ में एक बेहतर टीम के रूप में सामने आया लेकिन फिर भी मैच 0-0 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ. इस तरह दोनों टीमों के खाते में 1-1 अंक जुड़ गए.

 

 

अब तीसरे स्थान के लिए खेलेगा भारत?

टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, दो अंक तालिकाओं में टॉप पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा. इसके बाद दोनों ग्रुप में दूसरे नंबर पर रहने वाली टीमें तीसरे स्थान के लिए मैच खेलेंगी. ग्रुप ए में ओमान पहले और मेजबान उज्बेकिस्तान दूसरे स्थान पर है. वहीं, ग्रुप बी में ईरान पहले और भारत दूसरे नंबर पर है. ईरान की टीम फाइनल में पहुंचने के करीब है. उसके दो मैचों में 6 अंक है. भारत 3 मैच में 4 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर है. वह चाहेगा कि ईरान अपने आखिरी मैच में सह-मेजबान ताजिकिस्तान को हरा दे. यह उसके लिए आसान काम है. अगर ऐसा होता है तो ताजिकिस्तान की टीम तीसरे स्थान पर ही रह जाएगी और भारत तीसरे स्थान के मैच में खेल पाएगा.





Source link