एशिया कप से ठीक पहले श्रीलंका के बल्लेबाजों की पोल खुल गई है. टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में पूरे ओवर खेले बिना ही महज 80 रन पर ढेर हो गई. 20 रन श्रीलंका के किसी भी बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर रहा. बता दें कि श्रीलंका भारत के बाद एशिया कप की दूसरी सबसे सफल टीम है. भारत ने 8 बार यह खिताब उठाया है, जबकि श्रीलंका ने एशिया कप की ट्रॉफी 6 बार जीती है. 9 सितंबर से शुरू हो रहा एशिया कप टी20 फॉर्मेट में खेला जाना है. ऐसे में आपको बता दें कि पिछली बार 2022 में इस फॉर्मेट में हुए एशिया कप की विजेता टीम श्रीलंका ही थी. हालांकि, सिर्फ तीन दिन बार शुरू हो रहे आगामी टूर्नामेंट से पहले जिम्बाब्वे के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाजों के सरेंडर ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है.
80 रन पर गिरे 10 विकेट
जिम्बाब्वे दौरे पर गई श्रीलंका टीम का वनडे सीरीज और टी20 सीरीज के पहले मुकाबले तक प्रदर्शन शानदार रहा. टीम ने वनडे सीरीज जीतने के बाद पहला टी20 मैच भी जीता था, लेकिन हरारे में दूसरे टी20 में श्रीलंका के बल्लेबाजों की पोल खुल गई. जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने मेहमानों को सिर्फ पूरे ओवर भी नहीं खेलने दिए और 17.4 ओवर में 80 रन पर समेट दिया। यह इस फॉर्मेट के श्रीलंका का दूसरे लोएस्ट स्कोर है.
बल्लेबाजों की खुल गई पोल
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. इस फैसले को टीम के गेंदबाजों ने सही साबित किया. श्रीलंका की पूरी टीम 17.4 ओवर में 80 रन पर सिमट गई. कामिल मिशारा 20, कप्तान चरिथ असालंका 18 और दाशुन सनाका 15 के अलावा कोई भी बल्लेबाज डबल डिजिट में प्रवेश नहीं कर सका. सिकंदर रजा ने शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में मात्र 11 रन देकर 3 विकेट लिए. रजा ने विपक्षी कप्तान असालंका, कामिंदु मेंडिस और दुश्मंथा चमीरा का विकेट लिया. रजा के अलावा दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ब्रैड इवांस ने भी घातक गेंदबाजी की और 2.4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए. ब्लेसिंग मुजरबानी ने 2 और सीन विलियम्स ने 1 विकेट लिए.
77 रन पर आउट हो चुकी है श्रीलंका
श्रीलंका का टी20 में न्यूनतम स्कोर 77 है. ये स्कोर श्रीलंका ने 2024 में न्यूयॉर्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाया था. जिम्बाब्वे दौरे पर श्रीलंका का प्रदर्शन अबतक शानदार रहा है. मेहमानों ने 2 वनडे मैचों की सीरीज में मेजबानों का सूपड़ा साफ कर दिया. इसके बाद पहला टी20 भी श्रीलंका ने बेहतरीन अंदाज में जीता था, लेकिन दूसरे टी20 में टीम की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही. ये टी20 सीरीज श्रीलंका के लिए एशिया कप की तैयारी की तरह है. इस सीरीज में श्रीलंका के पास अपनी कमजोरियों को दूर करने का मौका है. 80 रन पर सिमटना श्रीलंका के लिए एशिया कप से पहले अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करने के मौके की तरह है.
बांग्लादेश से श्रीलंका की पहली भिड़ंत
एशिया कप में श्रीलंका की पहली टक्कर बांग्लादेश से है. श्रीलंका की टीम ग्रुप-बी में है, जिसमें बांग्लादेश, हॉन्गकॉन्ग और अफगानिस्तान भी शामिल हैं. 13 सितंबर को अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद श्रीलंका का सामना हॉन्गकॉन्ग से 15 सितंबर को है. इसके बाद अपने आखिरी ग्रुप मैच में श्रीलंकाई टीम अफगानिस्तान से भिड़ेगी. यह मैच 18 सितंबर को होना है.