इतने गंभीर राजनीतिक तनाव के बावजूद भारत एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलेगा या नहीं, इसको लेकर अब BCCI ने अपना फैसला सुना दिया है. BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने साफ किया है कि भारत आगामी एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में पाकिस्तान सहित हर टीम के खिलाफ मैच खेलेगा. एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को मेजबान संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ करेगा. भारत इसके बाद 14 सितंबर को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान और 19 सितंबर को ओमान से भिड़ेगा. इससे पहले इस बात को लेकर सस्पेंस था कि क्या भारत पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान के साथ कोई क्रिकेट मैच खेलेगा.
BCCI ने कर दिया साफ
भारत सरकार की नई खेल नीति के तहत पाकिस्तान के साथ टीम इंडिया के कोई द्विपक्षीय खेल संबंध नहीं हैं, लेकिन मल्टी नेशनल टूर्नामेंटों में उनके खिलाफ खेलने की अनुमति है. BCCI को इस मैच के लिए हरी झंडी मिल गई है. BCCI के मुताबिक वह सरकार के दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं. BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने ANI से कहा, ‘जहां तक BCCI का सवाल है, हमें केंद्र सरकार से जो भी निर्देश मिले हैं, उनका पालन करना होगा. हाल ही में किसी भी मल्टी नेशनल या इंटरनेशनल टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी के संबंध में हमारी जो नीति लागू हुई है, उसमें केंद्र सरकार द्वारा कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है. चाहे हम किसी भी ऐसे देश के साथ खेलें जिसके भारत के साथ अच्छे संबंध नहीं हैं. इसलिए भारत को किसी भी मल्टी नेशनल टूर्नामेंट में सभी मैच खेलने होंगे.’
भारत एशिया कप में पाकिस्तान से मैच खेलेगा या नहीं?
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, ‘चूंकि एशिया कप एक मल्टी नेशनल टूर्नामेंट है, जिसमें एशिया महाद्वीप के देश शामिल होते हैं, इसलिए हमें इसमें खेलना होगा. इसके अलावा, किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में, जब कोई ऐसा देश होता है जिसके भारत के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध नहीं हैं, तो हमें वह इंटरनेशनल टूर्नामेंट खेलना होगा. जहां तक द्विपक्षीय संबंधों का सवाल है, हम अपने किसी भी विरोधी देश के साथ नहीं खेलने जा रहे हैं.’
भारत को बैन का सामना करना पड़ सकता है
देवजीत सैकिया ने यह भी बताया कि इंटरनेशनल लेवल पर मल्टी नेशनल टूर्नामेंट्स का बहिष्कार करने पर भारत को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है. BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने आगे कहा, ‘आपको लगता है कि अगर भारत एशियाई क्रिकेट परिषद या आईसीसी द्वारा आयोजित किसी भी मल्टी नेशनल टूर्नामेंट्स का बहिष्कार करता है, या किसी अन्य खेल, जैसे कि फीफा टूर्नामेंट या एएफसी टूर्नामेंट या किसी अन्य मल्टी नेशनल टीमों वाले एथलेटिक टूर्नामेंट का बहिष्कार करता है, और भारत किसी विशेष देश के साथ नहीं खेल रहा है, तो भारतीय महासंघ पर प्रतिबंध लग सकते हैं.’
भारत और पाकिस्तान की होगी भिड़त
भारत और पाकिस्तान 14 सितंबर को दुबई में आमने-सामने होंगे. पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत की जवाबी कार्रवाई के बाद यह दोनों देशों के बीच क्रिकेट के मैदान पर पहली भिड़ंत होगी. दोनों टीमें 21 सितंबर को सुपर 4 चरण में फिर से आमने-सामने भिड़ सकते हैं और 28 सितंबर को होने वाले फाइनल में भी आमने-सामने होने की संभावना है.