बुरहानपुर नगर निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत मनमानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। निगम ने मंगलवार को गुलाबगंज और गांधी कॉलोनी में कुछ हितग्राहियों की भूमि राजसात करने की कार्रवाई की।
.
शहर में 235 ऐसे हितग्राही हैं जिन्होंने योजना की पहली किस्त लेने के बाद न तो मकान बनाना शुरू किया और न ही पैसे वापस किए। निगम ने पहले इन लोगों को नोटिस और आरसीसी के माध्यम से चेतावनी दी थी।
निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिया गया था। जिन लोगों ने मकान नहीं बनाए, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की संपत्ति कुर्क की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान रईसा बैग, आसिफ बैग, नसरीन बानो, शेख फरीद, शेख राशिद और राम बाई जंगाले के यहां नोटिस चस्पा किए गए। इस दौरान निगम के सहायक यंत्री गोपाल महाजन, शुभम जायसवाल, राजपति यादव, उमर आरिफ और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।