9 साल बाद इस खिलाड़ी ने छोड़ी टीम, पोस्ट से हिला डाला सोशल मीडिया, कहा- यह आसान नहीं…

9 साल बाद इस खिलाड़ी ने छोड़ी टीम, पोस्ट से हिला डाला सोशल मीडिया, कहा- यह आसान नहीं…


घरेलू क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी जलज सक्सेना ने केरल की टीम से अलग होने का फैसला कर सबको हैरान कर दिया है. यह घरेलू क्रिकेट में केरल क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ा झटका है.  जलज सक्सेना ने घरेलू क्रिकेट में खूब नाम कमाया और शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी देते हुए अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा… 

इंस्टग्राम पर पोस्ट कर दी जानकारी 
जलज सक्सेना ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां करना कभी आसान नहीं होता, लेकिन आज मैं अपने दिल की बात साझा करना चाहता हूं। मैंने केरल के लिए अपना आखिरी मैच खेल लिया है. यह अभी भी अवास्तविक लगता है. यह मेरे लिए मिश्रित भावनाओं की तरह है. इतने सालों में इस टीम ने क्रिकेट के अलावा मुझे भाई, दोस्त और ऐसा परिवार दिया है, जो हर उतार-चढ़ाव में मेरे साथ खड़ा रहा.”

सब कुछ झोक दिया’
उन्होंने लिखा, “मैंने इस सफर के लिए अपना खून, पसीना और आंसू सब कुछ दिया। बदले में मुझे ऐसी यादें मिली हैं, जो जीवन भर साथ रहेंगी. टीम के हर साथी का ड्रेसिंग रूम को यादगार बनाने के लिए धन्यवाद. केसीए, कोचों, सहयोगी स्टाफ और पर्दे के पीछे से काम करने वाले गुमनाम नायकों, ग्राउंड्समैनों, जो हमारे खेल के लिए अथक परिश्रम करते हैं, को मेरा सम्मान और आभार. आपके सहयोग के बिना यह सफर संभव नहीं होता.” सक्सेना अगले सीजन में किसी टीम के लिए खेलेंगे, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया है.

Add Zee News as a Preferred Source


क्रिकेट ने काफी कुछ सिखाया
उन्होंने लिखा, “यह अंत नहीं है। क्रिकेट ने मुझे सिखाया है कि हर अंत एक नई शुरुआत है. मेरा दिल हमेशा केरल के लिए धड़कता रहेगा. मैं यहां की यादे हमेशा संजोकर रखूंगा.”सक्सेना पिछले एक दशक से केरल टीम के रीढ़ रहे हैं. केरल के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 58 मैचों में तीन शतकों के साथ 2,252 रन बनाए और 269 विकेट लिए, जिसमें 23 बार पारी में पांच विकेट लिए. प्रथम श्रेणी में केरल के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में वह केएन अनंतपद्मनाभन (310 विकेट) के बाद दूसरे स्थान पर हैं.

2024-25 में किया शानदार प्रदर्शन
2024-25 का रणजी ट्रॉफी सीजन सक्सेना के लिए काफी शानदार रहा. केरल ने पिछले सीजन फाइनल खेला. रणजी ट्रॉफी के इतिहास में  सक्सेना 6,000 रन बनाने और 400 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बने. सक्सेना 2016-17 से लेकर 2024-25 तक केरल टीम हिस्सा रहे. इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रारूपों में 125 मैचों में केरल का प्रतिनिधित्व किया. इसके पहले वो 2005-06 से लगातार अपनी घरेलू टीम मध्य प्रदेश के लिए खेलते थे

ऐसा रहा है घरेलू करियर 
38 साल के जलज सक्सेना ने कुल 150 प्रथम श्रेणी मैचों में 14 शतक की मदद से 7,060 रन बनाए हैं और 484 विकेट लिए हैं। वहीं, 109 लिस्ट ए मैचों में 3 शतक लगाते हुए 2,056 रन बनाए हैं और 123 विकेट लिए. 73 टी20 मैचों में 688 रन और 77 विकेट उन्होंने लिए हैं. इतने लंबे करियर के बावजूद जलज को कभी भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका नहीं मिला.



Source link