भारतीय फैंस IND vs PAK मैच के खिलाफ, सुप्रीम कोर्ट में दर्ज हुई याचिका, Asia Cup T20 का मैच रुकवाने की मांग

भारतीय फैंस IND vs PAK मैच के खिलाफ, सुप्रीम कोर्ट में दर्ज हुई याचिका, Asia Cup T20 का मैच रुकवाने की मांग


एशिया कप 2025 में भारत को अपना अगला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है, लेकिन उससे पहले ही जमकर बवाल देखने को मिल रहा है. ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय लोग उस देश के साथ कोई भी क्रिकेट मैच खेलने के समर्थन में नहीं खड़े हैं, जो आतंक को सपोर्ट करता है. जी हां, हम बात कर रहे हैं पाकिस्तान की. एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. भारतीय लोगों में गुस्सा और नाराजगी भरी हुई है.

सुप्रीम कोर्ट में दर्ज हुई याचिका

बता दें कि एशिया कप 2025 टूर्नामेंट में भारत बनाम पाकिस्तान टी20 मैच को रुकवाने के लिए भारत की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है. इस याचिका में 14 सितंबर को दुबई में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान टी20 एशिया कप मुकाबले को रद्द करने की मांग की गई है. उर्वशी जैन के नेतृत्व में चार लॉ के छात्रों ने यह जनहित याचिका (PIL) दायर की है. एडवोकेट स्नेहा रानी, ​​अभिषेक वर्मा और मोहम्मद अनस चौधरी के माध्यम से दायर जनहित याचिका (PIL) में तर्क दिया गया है कि पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के तुरंत बाद मैच का आयोजन राष्ट्रीय गरिमा को ठेस पहुंचाता है और भारतीय सैनिकों व नागरिकों के बलिदान का अनादर करता है.

Add Zee News as a Preferred Source


क्रिकेट को सैनिकों के बलिदान से ऊपर नहीं रखा जा सकता

याचिका में कहा गया है कि क्रिकेट को राष्ट्रीय हित, नागरिकों के जीवन या भारतीय सैनिकों के बलिदान से ऊपर नहीं रखा जा सकता. याचिका में सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया है. याचिकाकर्ताओं ने भविष्य में ऐसे फैसलों को लेने के लिए राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 को शीघ्र लागू करने के निर्देश भी मांगे हैं. बता दे कि भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव जारी है. भारत और पाकिस्तान के बीच 13 साल से कोई भी द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई हैं, जबकि दोनों टीमें आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंटों में एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रहती हैं. पहलगाम में 22 अप्रैल को पाकिस्तान के पाले हुए आतंकवादियों ने भारत के 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी.

पहलगाम आतंकी हमला नहीं भूला देश

पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला भारत ने 7 मई को लिया. भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और POK (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) में घुसकर कई आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया. इसके बाद जब पाकिस्तान ने पलटवार किया तो भारत ने उसे भी मुंहतोड़ जवाब दिया. भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर उसके कई सैन्य ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया. 7 मई से लेकर 10 मई तक भारत और पाकिस्तान के बीच वार-पलटवार जारी रहा. अंत में 10 मई को दोनों देशों के बीच सीजफायर हो गया. इतना सब कुछ घटित होने के बावजूद भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट होने से भारतीय फैंस गुस्से में जल रहे हैं.

‘मैं एशिया कप का बहिष्कार करता हूं’

भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त एक वरिष्ठ अधिकारी ने देशवासियों से भारतीय क्रिकेट टीम का मैच न देखने की अपील की है. अधिकारी कश्मीर में सेवा दे चुके हैं. श्रीनगर स्थित सेना के चिनार कोर के जीओसी के रूप में कार्य कर चुके लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने एक्स पर लिखा, ‘यदि आप बीसीसीआई टीम के मैच देख रहे हैं, कृपया पहलगाम में निर्मम हत्या किए गए उन निर्दोष भारतीयों और उन सैनिकों के बारे में सोचें, जिन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों से लड़ते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी ताकि आप शांति से रह सकें और अपने घरों में ये मैच देख सकें. कृपया एक विचार. मैं एशिया कप का बहिष्कार कर रहा हूं. क्या आप भी ऐसा कर रहे हैं? जय हिंद.’ भारत और पाकिस्तान के बीच 2012-13 में आखिरी बार द्विपक्षीय सीरीज हुई थी. दोनों टीमें अब आईसीसी और एसीसी टूर्नामेंट में ही एक दूसरे के सामने होती हैं. एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मैच 14 सितंबर को होने वाला है.



Source link