केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को दिनभर शिवपुरी जिले में व्यस्त रहे। इस दौरान उन्होंने युवाओं, व्यापारियों, उद्योगपतियों और आम जनता से सीधे संवाद किया और जिले को कई सौगातें दीं।
.
मेधावी युवाओं से किया संवाद सिंधिया ने शिवपुरी जिले के मेधावी युवाओं से टूरिस्ट विलेज में भेंट की। यूपीएससी, पीएससी, मेडिकल व अन्य प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता पाने वाले युवाओं से उन्होंने संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान युवा ही जिले और देश का भविष्य उज्ज्वल बनाएंगे। साथ ही युवाओं को ईमानदारी, संतुलित जीवन और समाजहित में अपनी उपलब्धियों को सार्थक योगदान में बदलने की सीख दी।
झांसी लिंक रोड का किया लोकार्पण छात्रों से संवाद के बाद सिंधिया ने शिवपुरी-झांसी लिंक रोड (12.18 किमी) का लोकार्पण किया। 20.37 करोड़ की लागत से बनी यह सड़क समय सीमा से पहले पूरी हुई है। सिंधिया ने कहा कि यह मार्ग शिवपुरी की “जीवन रेखा” है, जो किसानों, यात्रियों और पर्यटकों के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम मोहन यादव का आभार जताते हुए क्षेत्र को हवाई अड्डा, केन-बेतवा परियोजना और अडानी डिफेंस यूनिट जैसी आगामी सौगातों की जानकारी भी दी।
व्यापारिक एवं औद्योगिक सम्मेलन में भी हुए शामिल परिणय वाटिका में आयोजित व्यापारी एवं औद्योगिक समरसता सम्मेलन में सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी नगर उनकी “आन, बान और शान” है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, वोकल फॉर लोकल अभियान और डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापारियों को “केवल स्वदेशी माल” लिखकर अपने व्यापार को आत्मनिर्भर भारत से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के लिए किया भूमिपूजन
शिवपुरी में सिंधिया ने डिग्री लॉ कॉलेज का भूमिपूजन और प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस (शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय) के नवीन भवन का लोकार्पण किया। लगभग 15 करोड़ की लागत से बनने वाले लॉ कॉलेज में एलएलएम और इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू होंगे। वहीं 4 करोड़ की लागत से बने 3-मंजिला शैक्षणिक भवन, कॉमर्स भवन, आधुनिक कंप्यूटर लैब्स, ई-ग्रंथालय और ओपन जिम जैसी सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया। सिंधिया ने कहा कि डॉक्टर-इंजीनियर बनने से पहले छात्रों को आदर्श नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।
देखें कार्यक्रम की 3 तस्वीरें

शिवपुरी में मेधावी छात्रों से संवाद करते केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया।

झांसी लिंक रोड का लोकार्पण करते हुए मंत्री सिंधिया, किसानों और यात्रियों के लिए बताया जीवन रेखा।