सुपर 8 में 22 फरवरी को भारत का पहला मैच, बाकी 3 टीमों के नाम लगभग तय

सुपर 8 में 22 फरवरी को भारत का पहला मैच, बाकी 3 टीमों के नाम लगभग तय


नई दिल्ली. पाकिस्तान को हराने के बाद फैंस के जेहन में ये बड़ा सवाल है कि सुपर 8 में किस-किस टीम से भड़ना है.  वर्ल्ड कप 2026 में अभी ग्रुप स्टेज के 13 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन दो टीमें पहले ही सुपर 8 चरण के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं. रविवार को वेस्टइंडीज ने नेपाल को आसानी से हराकर सुपर 8 में अपनी जगह पक्की की. बाद में उसी रात भारत ने पाकिस्तान को हराकर एक मैच शेष रहते हुए अगले चरण में प्रवेश कर लिया. यह अपेक्षित था, और अब ये दोनों टीमें सुपर 8 में एक अहम मुकाबले में आमने-सामने होंगी.

आईसीसी ने पहले से ही यह सुनिश्चित कर लिया है कि सुपर 8 चरण में किसी प्रकार की लॉजिस्टिक समस्या न हो. इसी कारण यह पहले ही तय कर दिया गया है कि कौन-सी टीम किस सुपर 8 ग्रुप में होगी यानी ग्रुप स्टेज में टीम किस स्थान पर खत्म करती है इससे सुपर 8 ग्रुप पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

सुपर 8 में भारत और वेस्टइंडीज आमने-सामने

भारत को सुपर 8 के ग्रुप 1 में रखा गया है, जिसे दोनों ग्रुप में अधिक चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है अब जब भारत और वेस्टइंडीज दोनों क्वालिफाई कर चुके हैं, तो वे एक ही ग्रुप में हैं प्रत्येक ग्रुप की चारों टीमें एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेलेंगी. भारत और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता में खेला जाएगा. दिलचस्प बात यह है कि यह सुपर 8 का आखिरी मैच होगा, जिससे दोनों टीमों को थोड़ा फायदा मिल सकता है क्योंकि उन्हें पता होगा कि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कितने अंतर से जीत दर्ज करनी है.

सुपर 8 शेड्यूल (भारत)

भारत के ग्रुप में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के क्वालिफाई करने की संभावना सबसे अधिक है. हालांकि ऑस्ट्रेलिया की स्थिति थोड़ी अनिश्चित है, जबकि दक्षिण अफ्रीका लगभग सुपर 8 में पहुंच चुका है. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला 22 फरवरी को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे से हारकर अपनी स्थिति कठिन बना ली है. यदि जिम्बाब्वे ग्रुप बी में ऑस्ट्रेलिया से आगे निकल जाता है, तो 26 फरवरी को चेन्नई में भारत का मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा. दूसरे सुपर 8 ग्रुप में इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के शामिल होने की संभावना है, यदि ये सभी टीमें अपने-अपने ग्रुप से क्वालिफाई कर लेती हैं.

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका              22 फरवरी       अहमदाबाद

भारत बनाम जिम्बाब्वे/ऑस्ट्रेलिया       26 फरवरी          चेन्नई

भारत बनाम वेस्टइंडीज                       1 मार्च         कोलकाता

सुपर 8 प्री-सीडिंग प्रणाली क्या है?

ग्रुप स्टेज शुरू होने से पहले ही आईसीसी ने सुपर 8 का ढांचा तय कर लिया था. चारों ग्रुप से क्वालिफाई करने वाली आठ टीमों को पहले से निर्धारित सीडिंग के आधार पर दो सुपर 8 ग्रुप में रखा जाएगा, न कि नए ड्रॉ के जरिए. इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा को आसान बनाना और दर्शकों को पहले से योजना बनाने में मदद करना है, ताकि वे स्टेडियम में मैच देखने की तैयारी कर सकें. इसका मतलब यह है कि यदि ऑस्ट्रेलिया अपने ग्रुप बी में दूसरे स्थान पर भी रहती है, तो भी सुपर 8 में उनकी सीडिंग पहले से तय (जैसे X2) रहेगी, न कि नई (जैसे Y4). सुपर 8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी से होगी.



Source link