मुख्य सचिव अनुराग जैन ने सेवा पखवाड़े की तैयारियों को लेकर अफसरों के साथ बैठक की।
प्रदेश में 17 सितम्बर से दो कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान नए कार्यक्रमों में शामिल हैं। सभी कार्यक्रम इस तरह किए जाए कि प्रदेश वर्ष 2029 तक देश के औसत से आगे आ सके। इसके साथ ही खाने के तेल की ख
.
यह बातें मुख्य सचिव अनुराग जैन ने मंत्रालय में प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े की तैयारियों की समीक्षा के दौरान कहीं। प्रदेश भर में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठक में मुख्य सचिव जैन ने कहा कि सभी विभाग अपनी गतिविधियां तय कर लें। दो कार्यक्रमों का प्रदेश में शुभारंभ होगा। इनमें राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान शामिल है।
सभी कार्यक्रम इस तरह किए जाए कि प्रदेश वर्ष 2029 तक देश के औसत से आगे आ सके। नगरीय विकास एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता कार्यक्रमों से जनता को जोड़ें। उन्होंने कहा कि खाने के तेल की खपत को 10 प्रतिशत घटाने को अभियान में शामिल किया जाये।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। साथ ही किये गये कार्यों का प्रतिवेदन तय फार्मेट में भरा जाये। मध्यप्रदेश सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में आता है, इस अनुरूप काम किया जाये। आगामी त्यौहारों में कलेक्टर्स जिलों में सावधानियां बरतें। दुर्घटना रोकने के पुख्ता इंतजाम किये जायें। झांकियों के विसर्जन के दौरान हादसे न होने पाए, इसकी सावधानियां रखी जायें।
विभागवार ऐसे चलेंगे कार्यक्रम
- लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 17 सितम्बर को प्रदेश में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
- प्रदेश के 8 शहरों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जायेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
- महिला एवं बाल विकास द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ एवं मोटापा नियंत्रण कार्यक्रम किया जाएगा।
- पंचायत एवं ग्रामीण विभाग द्वारा स्वच्छोत्सव अंतर्गत 5 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
- नगरीय विकास विभाग द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं मेलों का आयोजन किया जाएगा। नमो पार्क, नमो उपवन एवं नमो वन का विकास किया जाएगा।
- दिव्यांग कल्याण शिविर लगाए जाएंगे।
- पीएम स्वनिधि योजना (पुनर्गठित) का लाभ-हितग्राहियों को दिया जाएगा। जनजातीय विभाग द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान चलाकर जन समुदाय की समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान किया जाएगा। ग्राम स्तरीय आदि-कर्मयोगी कार्यशालाएं आयोजित की जाएगी।
- आदि सेवा केंद्र बनाये जायेंगे। ग्राम विकास योजना बनायी जाएगी।
- वन विभाग द्वारा 8 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
- संस्कृति विभाग द्वारा सेरेमिक आर्ट, संगीत, नाटक पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। आर्ट वर्क प्रदर्शनी, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विकसित भारत केंद्रित रचना पाठ का भी आयोजन किया जाएगा।