New Zealand Squad for Australia Series: एशिया कप के रोमांच के बीच क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर आई है. न्यूजीलैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है. उसने ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल को कप्तान बनाया है. वह नियमित कप्तान मिचेल सेंटनर की जगह लेंगे. सेंटनर चोट के कारण सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. वह पेट की सर्जरी से उबर रहे हैं और उम्मीद है कि वह इस महीने के अंत में इंग्लैंड दौरे पर वापसी करेंगे.
पहले कप्तान कर चुके हैं ब्रेसवेल
ब्रेसवेल पहले भी 10 टी20 मैचों में न्यूजीलैंड की कप्तानी कर चुके हैं. उनकी कप्तानी में इस साल की शुरुआत में पाकिस्तान पर टीम ने 4-1 से जीत दर्ज की थी. इस सीरीज के लिए टीम में काइल जैमीसन और बेन सियर्स की वापसी हुई है. जैमीसन अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपने परिवार के साथ रहने के कारण जिम्बाब्वे दौरे से हट गए थे, जबकि सियर्स मांसपेशियों में खिंचाव के कारण बाहर थे. वह मैट हेनरी, जेकब डफी और जैक फाउल्केस के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करेंगे.
आक्रामक बल्लेबाजी लाइन-अप
युवा बल्लेबाज बेवोन जैकब्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में नाबाद 44 रन बनाकर अपनी जगह बरकरार रखी है. डेवोन कॉनवे भी टीम में बने रहेंगे. टिम साइफर्ट सेंट लूसिया किंग्स के लिए कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में रिकॉर्ड शतक लगाने के बाद विकेटकीपर के रूप में अपना स्थान बनाए रखने में सफल हुए हैं. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ट्राई सीरीज में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने वाले टिम रॉबिन्सन भी टीम में हैं.
ये भी पढ़ें: ड्रामेबाज पाकिस्तान…बॉयकॉट की धमकी के बाद मारा यू-टर्न, यूएई से मैच पर अभी भी सस्पेंस?
कुछ बड़े खिलाड़ी चोट के कारण बाहर
ईश सोढ़ी स्पिन विभाग की अगुवाई करेंगे, जबकि कई सीनियर खिलाड़ी चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं. फिन एलेन, एडम मिल्ने, विल ओ’रूर्के, ग्लेन फिलिप्स और लॉकी फर्ग्यूसन सभी चोटों से उबर रहे हैं. केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ एक अनौपचारिक समझौते पर हस्ताक्षर किया है. उन्होंन इस सीरीज में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है. तीन मैचों की टी20 सीरीज माउंट माउंगानुई में बे ओवल में 1, 3 और 4 अक्टूबर को खेली जाएगी.
ये भी पढ़ें: सरफराज खान की टॉपलेस तस्वीर ने इंटरनेट पर मचाई सनसनी, जिसे कहते थे अनफिट, उसने दिखा दी फुल बॉडी
न्यूजीलैंड टी20 टीम:
माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), मार्क चैपमैन, डेवन कॉनवे, जेकब डफी, जैक फाउल्केस, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, रचिन रवींद्र, टिम रॉबिन्सन, बेन सियर्स, टिम सीफर्ट, ईश सोढ़ी.