एशिया कप के ठीक बाद भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है, जिसके लिए कभी भी BCCI टीम इंडिया का ऐलान कर सकता है. टीम इंडिया के ऐलान से पहले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. दरअसल, भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट ने संकेत दिया है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है. यह सीरीज 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में शुरू होगी.
कभी भी हो सकता है टीम इंडिया का ऐलान
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति 24 सितंबर को टीम को अंतिम रूप देगी. इस बैठक में बुमराह की फिटनेस और वर्कलोड सबसे बड़ा मुद्दा होगा, क्योंकि हाल ही में वह चोटों से परेशान रहे हैं. बुमराह भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के सबसे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और इस समय एशिया कप में भी वह भारत के इकलौते मुख्य तेज गेंदबाज हैं. टीम मैनेजमेंट ने उनकी चोट के बाद से उनके काम के बोझ पर कड़ी नजर रखी है. इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया में हुए पांचवें टेस्ट के दौरान उन्हें पीठ में चोट लगी थी. इस चोट के कारण वह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गए थे. हालांकि, बाद में उन्होंने आईपीएल 2025 में वापसी की और पांच में से तीन टेस्ट खेले, जिसमें उनकी फिटनेस का खास ध्यान रखा गया था.
रेस्ट पर रहेंगे बुमराह?
पहले यह उम्मीद की जा रही थी कि बुमराह को वेस्टइंडीज सीरीज से आराम दिया जाएगा, क्योंकि एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को है और उसके सिर्फ चार दिन बाद ही पहला टेस्ट मैच है. हालांकि, कोच रेयान टेन डोशेट ने कहा है कि बुमराह के खेलने की संभावना है, क्योंकि टीम उन्हें आने वाले मैचों के लिए तैयार रखना चाहती है. डोशेट ने यह भी कहा कि बुमराह को शायद एशिया कप के सुपर 4 मैचों में भी आराम नहीं मिलेगा, क्योंकि टीम मैनेजमेंट इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम उतारना चाहता है.
असिस्टेंट कोच ने क्या कहा?
बांग्लादेश के खिलाफ सुपर 4 मैच की पूर्व संध्या पर डोशेट ने कहा, ‘आज रात (पाकिस्तान बनाम श्रीलंका) के मैच के बाद हमें तालिका की बेहतर समझ होगी, लेकिन यह संभावना नहीं है कि आप योग्यता के साथ आखिरी मैच में जा रहे हैं. तो, यह संभावना नहीं है कि उन्हें आराम मिलेगा.’ उन्होंने आगे समझाया, ‘साथ ही, यह भी ध्यान रखें कि गुरुवार से हमारा एक टेस्ट मैच शुरू हो रहा है. इसलिए, वर्कलोड मैनेजमेंट के मामले में यह काफी अच्छी तैयारी है. अगर वह सभी मैच खेलते हैं, तो उन्होंने 25-26 ओवर फेंके होंगे, जो कि टेस्ट से एक हफ्ते पहले एक अच्छी संख्या है. अगर हमारे पास आखिरी मैच में यह विकल्प होता है, तो हम इस पर विचार करेंगे, लेकिन इस समय हम सर्वश्रेष्ठ टीम चुनना चाहते हैं.’