28 सितंबर को बीसीसीआई के अध्यक्ष पद का ऐलान होना है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली के पूर्व खिलाड़ी मिथुन मन्हास भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के नए अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं. 20 सितंबर को नई दिल्ली में बीसीसीआई के अधिकारियों की मीटिंग के बाद ये खबर सामने आई, लेकिन आप में से ज्यादातर लोगों के मन में ये सवाल जरूर आया होगा कि आखिर बीसीसीआई के अध्यक्ष कमाते कितना हैं. उनकी क्या सैलरी है. आज हम आपको बीसीसीआई के प्रेसिडेंट के सैलरी, सुविधा और पावर के बारे में बताएंगे.
अनकैप्ड खिलाड़ी रहे हैं मिथुन
बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है. यही कारण है जब-जब बीसीसीआई के अध्यक्ष की बात होती है, तो सबके दिमाग में एक सवाल जरूर आती है कि आखिर उनकी अध्यक्ष की सैलरी कितनी है और वह कितनी कमाई करते हैं. यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो मिथुन मन्हास का बीसीसीआई अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है. मिथुन के बारे में सबसे खास बात ये है कि वह भारत के लिए 1 भी इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं. फिर भी उनको इस पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी.
क्या है सैलरी?
बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड माना गया है. ऐसे में ज्यादातर लोगों को यही लगता है कि बीसीसीआई के प्रेसिडेंट की सैलरी बहुत ज्यादा होती है, लेकिन कहानी तो कुछ और ही है बता दें कि, इस पोजीशन को ‘ऑफिस-बेयरर’की कैटेगरी में रखा गया है. मतलब साफ है कि इस पद की कोई फिक्स सैलरी नहीं होती बल्कि अलग-अलग अलाउंस और सुविधाएं दी जाती हैं.
मिलती हैं ये सुविधाएं
बीसीसीआई के प्रेसिडेंट को विदेशी दौरों के लिए 1000 डॉलर (84 हजार रुपए) के आसपास रोजाना मिलता है. देश के अंदर किसी भी तरह की बैठक में शामिल होने के लिए 30-40 हजार रुपए मिलते हैं. घरेलू या विदेशी दौरों पर बीसीसीआई के प्रेसिडेंट को बिजनेस क्लास या फर्स्ट क्लास में ट्रैवल करने की सुविधा मिलती है. इसके साथ ही 5 स्टार होटलों में स्टे की सुविधा दी जाती है. यही नहीं ट्रैवलिंग और ऑफिसियल कामकाज का खर्च बोर्ड उठाती है.
BCCI प्रेसिडेंट की ताकत
सुविधाएं तो अलग चीज है, लेकिन बीसीसीआई के प्रेसिडेंट के पास क्रिकेट से जुड़े सभी बड़े फैसले लेने की पावर होती है. फिर चाहे वो टीम से जुड़ा कोई मामला हो. या फिर आईसीसी से जुड़ी कोई बात हो. भारत में टूर्नामेंट को लेकर कोई बड़ा डिसीजन हो, बीसीसीआई के अध्यक्ष के पास खास अधिकार होता है.