India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला रविवार 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले दोनों देशों के बीच माहौल गर्म है. एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच कोई फाइनल मुकाबला होगा. भारत एशिया कप की सफलतम टीम है और आठ बार खिताब जीत चुकी है. छह खिताब के साथ श्रीलंका दूसरी सफलतम टीम है. पाकिस्तान ने दो बार एशिया कप जीता है. पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप 2025 के फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया को दो बड़े झटके लगे हैं.
टीम इंडिया को लगे दो बड़े झटके
भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और धाकड़ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चोटिल हो गए है. टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच से पहले हार्दिक पांड्या और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. मोर्ने मोर्केल दोनों खिलाड़ियों की चोट से ज्यादा चिंतित नजर नहीं आए हैं. हार्दिक पांड्या श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ एक ही ओवर फेंक सके थे. उन्होंने पारी की चौथी गेंद पर कुसल मेंडिस (0) को अपना शिकार बनाया, जिसके बाद बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण मैदान से बाहर चले गए.
अचानक सामने आ गया बड़ा अपडेट
मैच के बाद मोर्ने मोर्केल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘हार्दिक को क्रैंप्स था, उनकी जांच की जाएगी, उसके बाद हम अगले मुकाबले को लेकर फैसला लेंगे.’ श्रीलंका के खिलाफ अभिषेक शर्मा भी नौवें ओवर में अपनी दाहिनी जांघ पकड़े नजर आए. इसके बाद उन्होंने क्रैंप्स से राहत पाने के लिए बर्फ से सिकाई की. मोर्ने मोर्केल ने कहा, ‘इन खिलाड़ियों के लिए आराम करना जरूरी है. उन्होंने इसके लिए आइस बाथ ली है. मैच के तुरंत बाद रिकवरी शुरू हो गई. रिकवरी का सबसे अच्छा तरीका सोना और आराम करना है. खिलाड़ियों के लिए व्यक्तिगत पूल सेशन आयोजित किए जाएंगे.’
फाइनल में पाकिस्तान को हराने के लिए भारत है तैयार
भारत ने शुक्रवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए अंतिम सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ सुपर ओवर में जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने 20 ओवरों के खेल में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम भी 5 विकेट गंवाकर 202 रन ही बना सकी. मैच सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां भारत ने आसान जीत हासिल की. भारत ने एशिया कप 2025 में अब तक लगातार 6 मैच अपने नाम किए हैं. अब भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतरेगी. टीम इंडिया ने इस संस्करण पाकिस्तान को दो मुकाबले हराए हैं. ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि फाइनल मैच में भारत का पलड़ा पाकिस्तानी टीम पर भारी होगा.