खरगोन में गुरुवार को दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। नवग्रह मेला मैदान पर रात 8 बजे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष गूंजते रहे।
.
पुतले के दहन से पहले श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी के वेश में रघुवंशी कलाकारों ने रावण को ललकारा। भगवान श्रीराम ने अग्निबाण छोड़कर रावण की नाभि को भेदा, जिसके बाद पुतले में आग लग गई। लगभग 11 मिनट में रावण का पुतला पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
30 मिनट चली आतिशबाजी रावण दहन से पूर्व करीब 30 मिनट तक रंगारंग आतिशबाजी की गई। इस समारोह में खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर भव्या मित्तल, नपाध्यक्ष छाया जोशी, उपाध्यक्ष गोलू कर्मा, सीएमओ कमला कौल सहित पार्षद और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
इससे पहले, शाम 7 बजे पहाड़सिंहपुरा के कलश चौक स्थित श्रीराम मंदिर से श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी की शोभायात्रा निकली। खुली जीप में निकली इस यात्रा में श्रद्धालु ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रात 8 बजे नवग्रह मेला मैदान पहुंची। यात्रा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। दशहरा मैदान पर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया और भगवान के स्वरूपों को श्रद्धापूर्वक मंच तक लाया गया।
देखिए तस्वीरें


