कार्तिक माह के अवसर पर शुक्रवार सुबह खरगोन के श्री बांके बिहारी मंदिर में काकड़ आरती का भव्य आयोजन किया गया। ब्रह्म मुहूर्त में आयोजित इस आरती में 300 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और दीप जलाकर राधा-कृष्ण की आराधना की।
.
आरती सुबह 6:30 बजे प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों महिलाएं स्नान कर मंदिर परिसर में पहुंचीं। इस दिन करवा चौथ व्रत होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। महेंद्र भार्गव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आरती का नेतृत्व किया, वहीं पंडित श्याम बडोले ने कार्यक्रम का धार्मिक महत्व समझाया।
उन्होंने बताया कि कार्तिक मास में भगवान विष्णु की काकड़ आरती का विशेष महत्व है। इस समय को योग निद्रा से जागरण का प्रतीक माना जाता है, जब ऋतु परिवर्तन के साथ आध्यात्मिक ऊर्जा और शारीरिक शक्ति का संचार होता है।
खरगोन के विभिन्न श्रीराम और राधा-कृष्ण मंदिरों में पूरे कार्तिक मास के दौरान महिलाओं द्वारा भक्ति और पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं, जिससे धार्मिक वातावरण बना रहता है।