93 साल में पहली बार… यशस्वी जायसवाल की जय-जयकार! 23 की उम्र में किया ब्रैडमैन वाला करिश्मा

93 साल में पहली बार… यशस्वी जायसवाल की जय-जयकार! 23 की उम्र में किया ब्रैडमैन वाला करिश्मा


Yashasvi Jaiswal Century: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दिल्ली में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन यशस्वी जायसवाल का बल्ला बोला. यह भारतीय ओपनर दिन का खेल खत्म होने तक 173 रन पर नाबाद रहा. इस पारी के दौरान यशस्वी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. यशस्वी ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो पिछले 93 सालों के क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं हुआ. 23 साल के यशस्वी ने सर्वकालिक महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के एक करिश्मे को दोहराने का काम किया.

यशस्वी के आगे बेबस दिखे गेंदबाज

अरुण जेटली स्टेडियम में मुकाबले का टॉस जीतकर भारतीय कप्तान शुभमन ने बल्लेबाजी चुनी. ओपनिंग करने आए यशस्वी जायसवाल ने क्रीज पर ऐसा खूंटा गाड़ा कि दिन के अंत तक उन्हें कोई गेंदबाज आउट ही नहीं कर पाया. यशस्वी ने स्टंप्स तक की अपनी नाबाद पारी में 22 चौकों की मदद से 253 गेंदों का सामना करते हुए 173 रन बनाए. यशस्वी का यह 7वां टेस्ट शतक है. दूसरे दिन यशस्वी की नजर दोहरा शतक ठोकने पर होगी, जिससे वह सिर्फ 27 रन ही दूर हैं. अगर ऐसा हुआ तो यशस्वी का यह तीसरा डबल हंड्रेड होगा और इसके साथ ही कई और रिकॉर्ड भी नाम कर लेंगे.

Add Zee News as a Preferred Source


93 साल में पहली बार… यशस्वी की जय-जयकार

दरअसल, यह 5वां ऐसा मौका था, जब यशस्वी ने टेस्ट में 150+ का स्कोर बनाया. इसके साथ ही इस स्टार ने 21वीं सदी में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. वह इस सदी में 23 साल या उससे कम उम्र में 150+ रन की 5 पारियां खेलने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. ओवरऑल 93 साल में पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी बल्लेबाज ने 23 साल या उससे कम उम्र में टेस्ट फॉर्मेट में 150+ रन की 5 पारियां खेली हैं. यशस्वी से पहले यह करिश्मा सिर्फ डॉन ब्रैडमैन ही कर पाए हैं. ब्रैडमैन ने 23 या इससे कम उम्र में 5 ऐसी पारियां खेलने का रिकॉर्ड बनाया था. यह उपलब्धि उन्होंने 1928 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद 1932 में हासिल की थी.

सचिन तेंदुलकर का तोड़ा रिकॉर्ड

इस मामले में भारतीय बल्लेबाजों की बात करें तो यशस्वी ने महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया. इस पारी से पहले यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए 23 या इससे कम उम्र में सबसे ज्यादा 150+ स्कोर बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी की हुई है. सचिन तेंदुलकर ने चार बार ऐसा किया. अब जायसवाल उन्हें पीछे छोड़कर नंबर-1 बन गए हैं. ओवरऑल वह डॉन ब्रैडमैन के बाद सबसे ज्यादा बार ऐसा करने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं. ब्रैडमैन ने 23 साल या इससे कम उम्र में 8 बार टेस्ट में 150+ का स्कोर बनाया था.



Source link