India vs Australia 1st ODI: भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए बुरी खबर आई है. टीम को पर्थ में होने वाले मुकाबले से कुछ दिन ही पहले दोहरा झटका लगा. विस्फोटक बल्लेबाज और विकेटकीपर जोश इंग्लिस पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे. उनके अलावा अनुभवी लेग स्पिनर एडम जम्पा भी पर्थ में टीम के साथ नहीं रहेंगे. पैट कमिंस पहले ही फिटनेस की समस्याओं के कारण इस सीरीज में नहीं खेलने वाले हैं. उनकी गैरमौजूदगी में मिचेल मार्श कप्तानी करेंगे.
क्यों बाहर हुए इंग्लिस और जम्पा?
जोश इंग्लिस पिंडली की चोट के कारण बाहर हो गए हैं, जबकि एडम जम्पा पारिवारिक कारणों से पहले वनडे के लिए अनुपलब्ध रहेंगे. इंग्लिस को पर्थ में एक ट्रेनिंग रन के दौरान पिंडली में खिंचाव आया है. उनकी जगह जोश फिलिप को टीम में बुलाया गया है. वह 2021 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने के बाद अपना पहला वनडे मैच खेलेंगे. ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी विकल्पों को मजबूत करने के लिए स्पिनर मैथ्यू कुह्नमैन को भी टीम में शामिल किया गया है.
एलेक्स कैरी भी पहले वनडे में नहीं उतरेंगे
विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी भी पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे. वह आगामी एशेज सीरीज की तैयारी के हिस्से के रूप में दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए क्वींसलैंड के खिलाफ शेफील्ड शील्ड मैच में भाग ले रहे हैं. उम्मीद है कि वह दूसरे मैच से पहले वनडे टीम में फिर से शामिल हो जाएंगे.
मां बनने वाली हैं जम्पा की पत्नी
जम्पा की पत्नी हैरियट अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने के करीब हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को अभी भी उम्मीद है कि इंग्लिस 25 अक्टूबर को सिडनी में होने वाले तीसरे वनडे के लिए समय पर ठीक हो जाएंगे. जम्पा के एडिलेड वनडे के लिए उपलब्ध होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: न घर के न घाट के ट्रॉफी चोर मोहसिन नकवी… पहले भारत ने निकाली हवा, अब एक और पड़ोसी देश ने दे डाली धमकी
3 साल बाद वनडे खेल सकता है ये स्पिनर
कुह्नमैन 2022 के बाद अपना पहला वनडे खेलने की कतार में हैं. वहीं, मैट शॉर्ट और कूपर कोनोली मेजबान टीम के लिए अन्य स्पिन विकल्प उपलब्ध हैं. इस फेरबदल ने ऑस्ट्रेलिया को एशेज सीरीज से पहले खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट करते हुए नए चेहरों को आजमाने का मौका दिया है.
वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे, 19 अक्टूबर, पर्थ
दूसरा वनडे, 23 अक्टूबर, एडिलेड
तीसरा वनडे, 25 अक्टूबर, सिडनी
ये भी पढ़ें: दुखद: पिच पर ही चली गई इस क्रिकेटर की जान, टीम को जिताया मैच… पर खुद जिंदगी की जंग हार गया
वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं:
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मैथ्यू कुह्नमैन, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), मैथ्यू रेनशॉ, मैथ्यू शॉर्ट, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा.
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल.