दतिया में फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति की जमीन अपने नाम करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना की धाराओं में केस दर्ज किया है। शिकायत दुर्ग (छत्तीसगढ़) निवासी सुनील अग्रवाल ने दी थी।
.
सुनील अग्रवाल ने बताया कि हल्का पटवारी से चर्चा के दौरान उन्हें पता चला कि उनकी जमीन का रिकॉर्ड राज यादव नामक व्यक्ति के नाम दर्ज कर दिया गया है। जांच में सामने आया कि राज यादव ने डोंगर सिंह यादव और रामसिंह यादव के साथ मिलकर यह साजिश रची। उन्होंने सुनील अग्रवाल का फर्जी आधार कार्ड बनवाकर किसी अन्य व्यक्ति को दतिया उप-पंजीयक कार्यालय में भेजा।
दो फर्जी पत्र तैयार किए 10 नवंबर 2023 को दो फर्जी विक्रय पत्र तैयार किए गए और जमीन राज यादव के नाम कर दी गई। सुनील अग्रवाल ने कहा कि उस दिन वे उप-पंजीयक कार्यालय में मौजूद नहीं थे और न ही उन्होंने किसी के पक्ष में कोई विक्रय पत्र साइन किया। उनके अनुसार दस्तावेजों में उनका फोटो और हस्ताक्षर भी नहीं था।
पुलिस ने राज यादव, डोंगर सिंह यादव और रामसिंह यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 467, 468, 471 और 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुनील अग्रवाल ने प्रशासन से मांग की है कि जांच पूरी होने के बाद उनकी जमीन वापस उनके नाम की जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।