पानी की समस्या से नेशनल हाईवे जाम: ग्रामीण महिलाएं बर्तन लेकर सड़क पर बैठीं, मशीन पहुंचने पर खुला – Dindori News

पानी की समस्या से नेशनल हाईवे जाम:  ग्रामीण महिलाएं बर्तन लेकर सड़क पर बैठीं, मशीन पहुंचने पर खुला – Dindori News


डिंडोरी में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर कनक धारा गांव के ग्रामीणों ने पानी की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दिया। सुबह करीब 9:30 बजे ग्रामीण महिलाएं और पुरुष बर्तन लेकर हाईवे पर बैठ गए, जिससे यातायात बाधित हो गया।

.

सूचना मिलने पर पीएचई विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। बोरिंग साफ करने वाली मशीन मौके पर पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया और जाम खुलवाया।

प्रदर्शन कर रही गंगोत्री और सोनम साहू ने बताया कि धवा डोंगरी गांव के पोषक ग्राम कनक धारा में पिछले नौ महीने से नल जल योजना बंद पड़ी है। ग्रामीणों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत को इस बारे में जानकारी दी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।

पीएचई इंजीनियर अंशुल बिसेन ने बताया कि सरपंच ईश्वर सिंह ने तीन दिन पहले जानकारी दी थी कि गांव में 70 से 80 नल कनेक्शन हैं। बोरिंग मशीन खराब होने के बाद उसे मरम्मत के लिए भेजा गया था। जब मशीन बनकर वापस आई और उसे बोर में डालने का प्रयास किया गया, तो पता चला कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बोर में पत्थर डाल दिए हैं।

इंजीनियर बिसेन के अनुसार, पत्थरों के कारण पाइप 20 फीट से नीचे नहीं जा पा रहा है। अब एक नई मशीन बुलाई गई है। विभाग जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति शुरू करने का प्रयास कर रहा है।



Source link