निवाड़ी में ट्रांसफार्मर जंपर हटाने पर चलीं लाठियां, कुल्हाड़ी: एक पक्ष के तीन लोग घायल, दूसरे पक्ष के तीन आरोपियों पर केस दर्ज – Niwari News

निवाड़ी में ट्रांसफार्मर जंपर हटाने पर चलीं लाठियां, कुल्हाड़ी:  एक पक्ष के तीन लोग घायल, दूसरे पक्ष के तीन आरोपियों पर केस दर्ज – Niwari News


बिजली के जंपर हटाने पर खूनी संघर्ष: निवाड़ी में दो गुटों में जमकर मारपीट, कुल्हाड़ी-लाठी से हमला; कई घायल

.

निवाड़ी जिले के सेंदरी थाना क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मर के जंपर हटाने को लेकर दो गुटों के बीच मंगलवार को जमकर मारपीट हुई। इस खूनी संघर्ष का वीडियो अब बुधवार को सामने आया है।

जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर खुलेआम कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, यह घटना तरीचर कला चौकी अंतर्गत डावर जंगल हार में हुई। फरियादी मनोज अहिरवार (40 वर्ष), निवासी करगुवा (हाल डावर जंगल), अपने खेत पर काम करने गए थे। उन्होंने देखा कि उनके ट्रांसफार्मर से जंपर हटा हुआ है और कुछ लोग वहां एक नया ट्रांसफार्मर लगवा रहे हैं।

मनोज ने जब अवधेश अहिरवार से जंपर हटाने के बारे में पूछा, तो उसने पहले लाइनमैन राकेश कुशवाहा का नाम लिया। लाइनमैन ने जंपर हटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मनोज के दोबारा पूछने पर, अवधेश ने स्वीकार किया कि उसने ही जंपर हटाया है और गाली-गलौज शुरू कर दी।

कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला

गाली देने से मना करने पर, अवधेश, अनिल और किशोरी ने मिलकर मनोज अहिरवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि अनिल अहिरवार ने कुल्हाड़ी से मनोज के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मनोज को बचाने आए उनके पिता मुलायम अहिरवार पर भी अनिल ने कुल्हाड़ी से हमला किया। मुलायम अहिरवार के सिर, कंधे, पीठ और आंख के नीचे गंभीर चोटें आईं। जब मनोज के छोटे भाई रोहित अहिरवार बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आशीष ने उनके दाहिने हाथ पर डंडे से वार किया। मनोज के बेटे दीपक के हस्तक्षेप करने पर बलवीर और अनिल ने उस पर भी हमला किया।

घायलों की हालत नाजुक

हमलावर घटना स्थल से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मनोज और मुलायम अहिरवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तरीचर कला में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल घायलों का उपचार जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।



Source link