IND vs AUS: मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. लेकिन शुभमन गिल आखिरी मैच में अपनी कैप्टेंसी पर क्लीन स्वीप के दाग से बचना चाहेंगे. लगातार दो मैच में विराट कोहली के डक आउट होने के बाद भी फैंस को सिडनी में उम्मीद लगी हुई है, लेकिन आंकड़े बेहद डरावने दिख रहे हैं. विराट कोहली एडिलेड के किंग रहे, लेकिन इस सीरीज में एडिलेड में भी खाता नहीं खुला. अब सिडनी का खौफ फैंस के जहन में बैठ गया है.
224 दिन बाद वापसी
दो फॉर्मेट से संन्यास के बाद विराट कोहली की लंबे समय के बाद टीम इंडिया में वापसी हुई. उन्होंने 224 दिन बाद वापसी की और पर्थ में खाता नहीं खुला. एडिलेड में आंकड़ों के हिसाब से सभी को शतक की उम्मीद थी, लेकिन विराट यहां भी डक आउट हुए. 17 साल के वनडे करियर में पहली बार देखने को मिला जब विराट लगातार दो मैच में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.
सिडनी में खेले कितने मैच?
भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा और सीरीज का आखिरी वनडे मैच 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा. विराट ने अभी तक इस मैदान पर कुल 7 वनडे मैच खेले हैं जिसमें उनका औसत महज 24.3 का रहा. स्ट्राइक रेट महज 83.0 का देखने को मिला और 7 वनडे मैच में कुल 146 रन उनके बल्ले से निकले हैं. सिडनी में विराट का बल्ला कभी नहीं चला, ऐसे में इस ग्राउंड पर नया चैलेंज कोहली के इंतजार में है.
ये भी पढे़ं.. VIDEO: PCB की धमकी… PSL फ्रेंचाइजी मालिक ने खो दिया आपा, नकवी को सरेआम किया बेइज्जत
डक के बाद किया इशारा
विराट कोहली के वनडे रिटायरमेंट के चर्चे डबल डक के बाद चरम पर पहुंच चुके हैं. करियर में करो या मरो की स्थिति में कोहली बल्ले से लगातार फ्लॉप देखने को मिल रहे हैं. कोहली ने एडिलेड में डक आउट होने के बाद हाथ ऊपर करके इशारा किया और सोशल मीडिया पर रिटायरमेंट की अफवाहें तेज हो गईं. लेकिन दरअसल ये इशारा उन फैंस के लिए था जो एडिलेड में उनके पिछले शानदार प्रदर्शन के लिए खड़े होकर अभिवादन कर रहे थे.