IND vs AUS 5 T20I Matches: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अब खत्म हो चुकी है. भारत भले ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की यह वनडे सीरीज 1-2 से हार गया, लेकिन सबसे अच्छी बात ये रही कि रोहित शर्मा और विराट कोहली फॉर्म में आ गए हैं. अब फैंस ये जानने के लिए बेहद उत्सुक हैं कि टीम इंडिया फिर से क्रिकेट के मैदान पर किस दिन उतरेगी. बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद भारतीय टीम 3 दिन के ब्रेक पर चली गई है. अब भारतीय टीम को क्रिकेट के मैदान पर सीधे 29 अक्टूबर को उतरना है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया फिर टकराएंगे
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज 29 अक्टूबर से कैनबरा में होगा. दोनों देशों के बीच ये टी20 सीरीज 29 अक्टूबर से 8 नवंबर तक खेली जाएगी. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 29 अक्टूबर को कैनबरा में खेला जाएगा. सीरीज का दूसरा टी20 मैच 31 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा. इसके अलावा तीसरा टी20 मैच 2 नवंबर को होबार्ट में, चौथा टी20 मैच 6 नवंबर को गोल्ड कोस्ट में और पांचवां टी20 मैच 8 नवंबर को ब्रिस्बेन में आयोजित किया जाएगा.
टी20 में भारत का ऑस्ट्रेलिया पर पलड़ा भारी
ICC रैंकिंग में भारत दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम है. टी20 इंटरनेशनल मैचों में ऑस्ट्रेलिया पर भारत का पलड़ा भारी है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अभी तक 32 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 20 मुकाबले जीते हैं. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की टीम 11 मैच जीतने में कामयाब रही है. इसके अलावा एक मैच बेनतीजा रहा है. भारत की टी20 टीम में कप्तान सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, संजू सैमसन, रिंकू सिंह और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं.
सूर्यकुमार यादव करेंगे कप्तानी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस पांच मैचों की टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव भारत के कप्तान होंगे. वहीं, शुभमन गिल उपकप्तान होंगे. भारत की टी20 टीम एशिया कप 2025 की ट्रॉफी जीतने के एक महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर उतरेगी. टी20 में टीम इंडिया की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही उसकी ताकत है. भारत के पास अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल जैसे खतरनाक ओपनिंग बल्लेबाज मौजूद हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में खासतौर पर अभिषेक शर्मा पर फैंस की नजरें होंगी. अभिषेक शर्मा शानदार फॉर्म में हैं, उन्होंने पिछले महीने ही एशिया कप 2025 के 7 मैचों में 200 की स्ट्राइक रेट से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 314 रन बनाए थे.
खूंखार बल्लेबाजों से सजी है टीम इंडिया
भारत का मिडिल ऑर्डर कप्तान सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और विकेटकीपर संजू सैमसन जैसे खूंखार बल्लेबाजों से सजा हुआ है. भारत के पास शिवम दुबे, नीतीश रेड्डी और अक्षर पटेल जैसे टैलेंटेड ऑलराउंडर्स हैं, जो गेंद और बल्ले से टीम को मजबूती देते हैं. भारत के पास कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे घातक स्पिन गेंदबाज हैं जो बेहद मारक गेंदबाजी करते हैं. इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अकेले ही सेना के बराबर हैं. ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत की इस टीम से जीतना बेहद मुश्किल है.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20 मैच – 29 अक्टूबर, दोपहर 1.45 बजे, कैनबरा
दूसरा टी20 मैच – 31 अक्टूबर, दोपहर 1.45 बजे, मेलबर्न
तीसरा टी20 मैच – 2 नवंबर, दोपहर 1.45 बजे, होबार्ट
चौथा टी20 मैच – 6 नवंबर, दोपहर 1.45 बजे, गोल्ड कोस्ट
पांचवां टी20 मैच – 8 नवंबर, दोपहर 1.45 बजे, ब्रिस्बेन